Home Himachal Pradesh हिमाचल में बारिश का कहर! किरतपुर-मनाली फोरलेन पर गिरे पत्थर,जबरदस्त जाम के बाद ट्रैफिक डायवर्ट

हिमाचल में बारिश का कहर! किरतपुर-मनाली फोरलेन पर गिरे पत्थर,जबरदस्त जाम के बाद ट्रैफिक डायवर्ट

किरतपुर साहिब । राजवीर दीक्षित

(Heavy Rain Ravages Himachal! Landslides Block Kiratpur-Manali Four-Lane, Traffic Diverted After Massive Jam) हिमाचल प्रदेश में लगातार हो रही भारी बारिश के बीच सड़कें और पहाड़ी रास्ते प्रभावित होने लगे हैं। बिलासपुर जिले में मेहला गांव के पास शूटिंग स्टोन और भूस्खलन के कारण किरतपुर-मनाली फोरलेन सड़क बाधित हो गई है। सड़क पर अचानक पत्थर गिरने और मलबा आने के बाद प्रशासन ने सुरक्षा के मद्देनजर वाहनों की आवाजाही रोक दी है। राहत की बात यह है कि हादसे में किसी तरह के जान-माल के नुकसान की सूचना नहीं है।

पुलिस के मुताबिक, रविवार को मेहला गांव के पास भूस्खलन हुआ, जिसके चलते सड़क सभी प्रकार के वाहनों के लिए प्रभावित हो गई। यात्रियों की सुरक्षा को देखते हुए जिला पुलिस ने मंडी भराड़ी चौक से आगे वाहनों की आवाजाही रोक दी है।

चंडीगढ़ जाने वाले वाहनों के लिए रूट बदला
बिलासपुर, हमीरपुर, मंडी और कुल्लू से चंडीगढ़ की तरफ जाने वाले वाहनों को मंडी भराड़ी पुल के रास्ते नौणी चौक की ओर डायवर्ट किया जा रहा है। यहां से वाहन NH 205 के जरिए स्वारघाट पहुंचकर किरतपुर की तरफ आगे बढ़ सकते हैं।

वहीं, चंडीगढ़ से बिलासपुर, हमीरपुर, मंडी, कुल्लू और मनाली की ओर आने वाले वाहनों को स्वारघाट से नौणी चौक की तरफ भेजा जा रहा है। इसके बाद यात्री फोरलेन के जरिए अपने गंतव्य की ओर जा सकते हैं।
बिलासपुर के SP अभिषेक धीमान ने लोगों से अपील की है कि वे सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए केवल निर्धारित वैकल्पिक मार्गों का इस्तेमाल करें और यातायात पुलिस के साथ सहयोग करें।

प्रदेश में 118 सड़कें अभी भी बंद
भारी बारिश के कारण हिमाचल प्रदेश में सड़कें लगातार प्रभावित हो रही हैं। राज्य आपातकालीन संचालन केंद्र के अनुसार प्रदेश में 118 सड़कें अभी भी बंद हैं।
इनमें सबसे ज्यादा 44 सड़कें मंडी, 39 कुल्लू, 13 शिमला, 7 चंबा, 6 सिरमौर, 5 कांगड़ा, 3 ऊना और 1 सड़क सोलन में बंद है।

15 अगस्त तक भारी बारिश का अलर्ट
इस बीच मौसम विभाग ने हिमाचल प्रदेश में 15 अगस्त तक भारी बारिश जारी रहने की संभावना जताई है। कई जिलों के लिए ऑरेंज और येलो अलर्ट जारी किया गया है।
10 अगस्त को कांगड़ा और सिरमौर में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है, जहां कुछ स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है। वहीं सोलन, मंडी और बिलासपुर में येलो अलर्ट जारी किया गया है और यहां भी कुछ स्थानों पर भारी बारिश की संभावना है।
प्रदेश के अन्य हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश होने का अनुमान है।

ऐसे में पहाड़ी इलाकों में सफर करने वाले लोगों को मौसम और सड़क की स्थिति की जानकारी लेकर ही यात्रा करने की सलाह दी गई है। खासकर भूस्खलन और शूटिंग स्टोन वाले क्षेत्रों में प्रशासन द्वारा जारी ट्रैफिक एडवाइजरी का पालन करना बेहद जरूरी है।

Translate »
error: Content is protected !!