चंडीगढ़। राजवीर दीक्षित
(“Government Secrets Leak Case: Major Success for Jalandhar Police “) पंजाब के जालंधर में कमिश्नरेट पुलिस ने राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़े एक बड़े मामले का खुलासा करते हुए तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि ये तीनों सरकारी विभागों और महत्वपूर्ण सरकारी प्रतिष्ठानों से जुड़ी संवेदनशील जानकारी पाकिस्तान तक पहुंचा रहे थे। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों की पहचान प्रदीप सिंह, भरत वर्मा और सचिन खोसला के रूप में हुई है, जो जालंधर के कमल विहार क्षेत्र के निवासी हैं। बताया जा रहा है कि ये आरोपी पाकिस्तान में बैठे गैंगस्टर शाहजाद भट्टी और उसके सहयोगी हरमाज गुज्जर के निर्देश पर काम कर रहे थे।
पुलिस कमिश्नर सतिंदर सिंह ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि शुरुआती जांच में सामने आया है कि प्रदीप सिंह की पहचान सोशल मीडिया के माध्यम से पाकिस्तान स्थित गैंगस्टर शाहजाद भट्टी से हुई थी। इसके बाद तीनों आरोपियों ने पंजाब ही नहीं बल्कि अन्य राज्यों में भी जाकर सरकारी इमारतों, बुनियादी ढांचे और विभिन्न विभागों से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां इकट्ठा कर पाकिस्तान भेजीं। पुलिस का कहना है कि इस नेटवर्क के तीन अन्य सदस्यों की भी पहचान हो चुकी है और उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।
जांच के दौरान यह भी सामने आया कि आरोपियों को गोपनीय सूचनाएं साझा करने के बदले बड़ी रकम मिलती थी। पुलिस ने बताया कि भरत वर्मा के खिलाफ वर्ष 2023-24 का मारपीट का मामला भी दर्ज है, जबकि एक अन्य आरोपी का नाम इस वर्ष हुए एक बम धमाके के मामले में भी सामने आया है। राष्ट्रीय सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए पुलिस ने बरामद दस्तावेजों और सबूतों का खुलासा करने से इनकार किया है।
आरोपियों के खिलाफ गैरकानूनी गतिविधियां (रोकथाम) अधिनियम (यूएपीए) के तहत मामला दर्ज किया गया है और जांच जारी है। पुलिस कमिश्नर सतिंदर सिंह ने युवाओं से अपील की कि वे ऐसे असामाजिक तत्वों के बहकावे में न आएं। उन्होंने कहा कि देश विरोधी गतिविधियों में शामिल होने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी और जांच पूरी होने के बाद मामले से जुड़े अन्य महत्वपूर्ण खुलासे भी किए जाएंगे।



















