चंडीगढ़। राजवीर दीक्षित
(“Punjab Terror Plot Foiled: ISI-Backed BKI Terrorist Arrested in Jalandhar, 1.3 Kg IED Recovered “) पंजाब पुलिस ने राज्य में एक बड़ी आतंकी साजिश को समय रहते नाकाम करने का दावा किया है। जालंधर में काउंटर इंटेलिजेंस और जालंधर देहात पुलिस की संयुक्त कार्रवाई के दौरान पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी ISI से जुड़े बताए जा रहे बब्बर खालसा इंटरनेशनल (BKI) के एक संदिग्ध आतंकी को गिरफ्तार किया गया। आरोपी के कब्जे से 1.3 किलोग्राम हाई एक्सप्लोसिव से तैयार इम्प्रोवाइज्ड एक्सप्लोसिव डिवाइस (IED) बरामद हुई है।
पंजाब के डीजीपी गौरव यादव के अनुसार, बरामद IED में लोहे के छर्रे और बॉल बेयरिंग भी भरे गए थे, जिससे विस्फोट की स्थिति में बड़े पैमाने पर नुकसान हो सकता था। शुरुआती जांच में सामने आया है कि आरोपी विदेश में बैठे अपने हैंडलरों के संपर्क में था और उनके निर्देशों पर काम कर रहा था। फिलहाल उसकी पहचान सार्वजनिक नहीं की गई है।

इस मामले में जालंधर देहात के थाना पतारा में भारतीय न्याय संहिता (BNS), विस्फोटक पदार्थ अधिनियम और शस्त्र अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस अब आरोपी से पूछताछ कर पूरे आतंकी नेटवर्क, फंडिंग, लॉजिस्टिक सपोर्ट और स्थानीय संपर्कों की जानकारी जुटा रही है।
पुलिस का कहना है कि समय पर हुई इस कार्रवाई से पंजाब में किसी बड़ी वारदात की आशंका टल गई है। जांच एजेंसियां यह भी पता लगाने में जुटी हैं कि विस्फोटक सामग्री कहां से लाई गई और इसका इस्तेमाल किस लक्ष्य पर किया जाना था।
गौरतलब है कि बब्बर खालसा इंटरनेशनल (BKI) का नाम पहले भी पंजाब और देश के अन्य हिस्सों में हुई कई आतंकी घटनाओं से जुड़ चुका है। सुरक्षा एजेंसियों के लिए यह गिरफ्तारी आतंकवाद के खिलाफ चल रही कार्रवाई में एक महत्वपूर्ण सफलता मानी जा रही है।



















