Home Himachal Pradesh अस्पताल में चोरी की वारदातों का खुलासा, 2 शातिर चोर पुलिस के...

अस्पताल में चोरी की वारदातों का खुलासा, 2 शातिर चोर पुलिस के हत्थे चढ़े

बिलासपुर । राजवीर दीक्षित

(Hospital theft cases solved; two cunning thieves nabbed by the police) अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) बिलासपुर के ए-ब्लॉक में तीमारदारों के सामान पर हाथ साफ करने वाले दो युवकों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपित सोमवार को तीमारदारों के सोने का फायदा उठाकर बैग चोरी करने की कोशिश कर रहे थे। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए उन्हें रंगे हाथ पकड़ लिया। आरोपितों के पास से चोरी किया गया बैग, 43 हजार 340 रुपये की नकदी और एक मोबाइल फोन बरामद हुआ है। पुलिस के अनुसार, आरोपितों में से एक पहले भी जेल जा चुका है और हाल ही में जमानत पर बाहर आया था।
बैग गायब होने की खबर फैलते ही परिसर में हड़कंप मच गया। स्वजनों ने बिना देर किए पुलिस को पूरे मामले की जानकारी दी। सूचना मिलते ही थाना सदर की टीम एक्शन में आई और चारों तरफ नाकाबंदी कर संदिग्धों की तलाश शुरू कर दी। पुलिस की मुस्तैदी के आगे दोनों संदिग्धों की चालाकी ज्यादा देर नहीं टिक सकी और उन्हें बैग समेत दबोच लिया गया।
पुलिस ने कार्रवाई के दौरान दोनों आरोपितों की पहचान शिवम और साहिल खान के रूप में की। दोनों भोरंज तहसील के लगमनवी और जाहू क्षेत्र के रहने वाले हैं। पुलिस ने संदेह के आधार पर उनके बैग की तलाशी ली तो उसमें से 43,340 रुपये की नकदी और एक मोबाइल फोन बरामद हुआ। बरामद सामान को पुलिस ने कब्जे में लेकर मामले की जांच आगे बढ़ा दी है।

जेल से बाहर आते ही फिर अपराध की राह पर साहिल खान!
पुलिस की प्रारंभिक जांच में चौंकाने वाला खुलासा हुआ है। आरोपित साहिल खान पहले भी आपराधिक मामलों में शामिल रहा है। उसके खिलाफ बिलासपुर जिले के भराड़ी थाना में गत 30 अगस्त को मोटरसाइकिल चोरी का मामला दर्ज किया गया था। जेल से रिहाई के बाद दोबारा वारदात में नाम सामने आने से पुलिस की जांच और भी गंभीर हो गई है।
जेल से बाहर आते ही फिर चोरी! आरोपी महज दो दिन पहले ही जबली जेल से जमानत पर रिहा हुआ था, लेकिन बाहर निकलते ही उसने दोबारा चोरी की वारदात को अंजाम देकर पुलिस को चुनौती दे दी। अब पुलिस दोनों आरोपियों का पुराना आपराधिक रिकॉर्ड खंगाल रही है। आशंका है कि इनके तार क्षेत्र में हुई अन्य चोरी की वारदातों से भी जुड़े हो सकते हैं।

Translate »
error: Content is protected !!