चंडीगढ़। राजवीर दीक्षित
(“Golden opportunity to get a job in the Indian Army, 10th pass candidates can apply.”) अगर आप भारतीय सेना में नौकरी करने का सपना देख रहे हैं तो आपके लिए शानदार मौका सामने आया है। इंडियन आर्मी ने सिविलियन स्विच बोर्ड ऑपरेटर (CSBO) ग्रेड-II के पदों पर भर्ती के लिए आधिकारिक नोटिफिकेशन जारी कर दिया है। इस भर्ती अभियान के तहत कुल 190 पदों को भरा जाएगा। खास बात यह है कि इस भर्ती में 10वीं पास उम्मीदवार भी आवेदन कर सकते हैं, जिससे युवाओं में काफी उत्साह देखा जा रहा है।
भर्ती के लिए आवेदन प्रक्रिया शुरू हो चुकी है और इच्छुक उम्मीदवार 31 मई 2026 तक आवेदन कर सकते हैं। उम्मीदवारों का चयन निर्धारित प्रक्रिया के तहत किया जाएगा। इस भर्ती में आवेदन करने के लिए उम्मीदवार का किसी मान्यता प्राप्त बोर्ड से 10वीं पास होना अनिवार्य है। इसके अलावा प्राइवेट ब्रांच एक्सचेंज हैंडलिंग में 6 महीने का अनुभव भी जरूरी रखा गया है।
उम्र सीमा की बात करें तो उम्मीदवार की न्यूनतम आयु 18 वर्ष और अधिकतम आयु 25 वर्ष तय की गई है। वहीं आरक्षित वर्गों को सरकारी नियमों के अनुसार आयु में छूट दी जाएगी। अन्य पिछड़ा वर्ग (OBC) के उम्मीदवारों को 3 साल और अनुसूचित जाति/जनजाति (SC/ST) वर्ग को 5 साल की छूट मिलेगी।
चयनित उम्मीदवारों को हर महीने 21,700 रुपये वेतन दिया जाएगा। इसके साथ ही सेना की ओर से मिलने वाले अन्य भत्तों और सुविधाओं का लाभ भी मिलेगा। यही कारण है कि यह भर्ती युवाओं के लिए एक बेहतरीन करियर अवसर मानी जा रही है।
जो उम्मीदवार आवेदन करना चाहते हैं, वे इंडियन आर्मी की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।
उम्मीदवारों को सलाह दी गई है कि आवेदन करने से पहले नोटिफिकेशन को ध्यानपूर्वक पढ़ लें, ताकि किसी प्रकार की गलती से बचा जा सके। सेना में सरकारी नौकरी पाने का यह सुनहरा मौका युवाओं के लिए बेहद खास माना जा रहा है।



















