Home Chandigarh वेरका की नई पहल से दूध होगा सस्ता और प्लास्टिक भी कम

वेरका की नई पहल से दूध होगा सस्ता और प्लास्टिक भी कम

चंडीगढ़। राजवीर दीक्षित

(“Verka Milk Vending Machine”) पंजाब के मोहाली से एक ऐसी खबर सामने आई है जो आम लोगों की जेब के साथ-साथ पर्यावरण के लिए भी राहत लेकर आई है। वेरका मिल्क प्लांट और पंजाब प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (PPCB) ने मिलकर एक नई पहल शुरू की है, जिसके तहत अब लोगों को वेरका का दूध ₹2 प्रति लीटर सस्ता मिलेगा। हालांकि इसके लिए ग्राहकों को घर से अपना खाली बर्तन, बोतल या कंटेनर लेकर आना होगा।

विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर मोहाली की एक रिहायशी सोसायटी में मोबाइल मिल्क वेंडिंग मशीन की शुरुआत की गई। इस मशीन से लोगों को पैकेट वाले दूध की बजाय ताजा और खुला दूध उपलब्ध कराया जाएगा। अधिकारियों के अनुसार वेंडिंग मशीन से मिलने वाला दूध पूरी तरह सुरक्षित, स्वच्छ और गुणवत्ता के मामले में पैकेट वाले दूध जैसा ही रहेगा।

इस योजना के तहत वेंडिंग मशीन से दूध खरीदने पर ग्राहकों को 64 रुपये प्रति लीटर की दर से दूध मिलेगा, जबकि फिलहाल पैकेट वाले वेरका दूध की कीमत 66 रुपये प्रति लीटर है। यानी उपभोक्ताओं को सीधे तौर पर प्रति लीटर 2 रुपये की बचत होगी। सबसे बड़ी बात यह है कि इस पहल से सिंगल-यूज़ प्लास्टिक का उपयोग भी कम होगा, जिससे पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा मिलेगा।

अधिकारियों ने बताया कि फिलहाल यह परियोजना पायलट प्रोजेक्ट के रूप में शुरू की गई है। एक वेंडिंग मशीन में करीब 300 लीटर दूध रखने की क्षमता है और इसे दिन में दो बार सोसायटी में भेजा जाएगा। यदि यह मॉडल सफल रहता है तो इसे मोहाली की अन्य सोसायटियों और बाद में पंजाब के दूसरे शहरों तक भी विस्तार दिया जाएगा।

विशेषज्ञों का कहना है कि यदि कोई परिवार रोजाना 2 लीटर दूध इस प्रणाली से खरीदता है तो वह सालभर में लगभग 4 किलो प्लास्टिक कचरा कम कर सकता है। ऐसे में यह पहल न केवल लोगों के पैसे बचाएगी बल्कि पंजाब को प्लास्टिक प्रदूषण से मुक्त बनाने की दिशा में भी एक महत्वपूर्ण कदम साबित हो सकती है।

Translate »
error: Content is protected !!