Home Chandigarh महिलाओं के खातों में पहुंचे ₹1100 करोड़, CM मान ने एक साथ...

महिलाओं के खातों में पहुंचे ₹1100 करोड़, CM मान ने एक साथ जारी की 3 महीने की राशि

चंडीगढ़। राजवीर दीक्षित

(“Punjab Women Scheme”) पंजाब की महिलाओं के लिए 1 जुलाई का दिन बड़ी सौगात लेकर आया। मुख्यमंत्री भगवंत मान ने राज्य की बहुप्रतीक्षित ‘मुख्यमंत्री मावां-धीआं सत्कार योजना’ के तहत 18 वर्ष से अधिक आयु की महिलाओं के बैंक खातों में करीब ₹1100 करोड़ की राशि ट्रांसफर कर दी। इस योजना की शुरुआत संगरूर जिले के धूरी से की गई, जहां मुख्यमंत्री ने स्वयं लाभार्थियों से संवाद भी किया।

सरकार ने पहली बार तीन महीने की किस्त एक साथ जारी की है। इसके तहत सामान्य वर्ग की महिलाओं के खातों में ₹3,000 जबकि अनुसूचित जाति (SC) वर्ग की महिलाओं के खातों में ₹4,500 जमा किए गए। मंच पर मौजूद एक महिला के मोबाइल पर ₹4,500 जमा होने का मैसेज आते ही कार्यक्रम में तालियों की गूंज सुनाई दी। मुख्यमंत्री ने बताया कि अब तक करीब 40 लाख महिलाओं का पंजीकरण हो चुका है और यह राशि जुलाई, अगस्त और सितंबर की किस्त के रूप में जारी की गई है।

गौरतलब है कि आम आदमी पार्टी ने वर्ष 2022 के विधानसभा चुनाव के दौरान महिलाओं को हर महीने आर्थिक सहायता देने का वादा किया था। हालांकि योजना लागू होने में करीब चार साल का समय लगा। अब 2027 के विधानसभा चुनाव से लगभग आठ महीने पहले इस वादे को पूरा किया गया है। सरकार ने इस योजना के लिए बजट में ₹9300 करोड़ का प्रावधान भी किया है।

वहीं विपक्ष ने इस योजना के समय पर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि चुनाव नजदीक आने के कारण इसे लागू किया गया है। कांग्रेस, भाजपा और अकाली दल ने पिछली अवधि का बकाया भी देने की मांग की है। दूसरी ओर, आम आदमी पार्टी का कहना है कि जनता ने उन्हें पांच साल का जनादेश दिया था और सरकार अपने कार्यकाल के भीतर किया गया वादा पूरा कर रही है।

अब यह योजना पंजाब की राजनीति और महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण—दोनों के लिहाज से चर्चा का बड़ा विषय बन चुकी है।

Translate »
error: Content is protected !!