Home Haryana लड़की से दोस्ती का विवाद बना बदले की वजह! छात्र ने खरीदा...

लड़की से दोस्ती का विवाद बना बदले की वजह! छात्र ने खरीदा देसी कट्टा, दोस्त कोर्ट में पकड़ा गया

फरीदाबाद। राजवीर दीक्षित

(Dispute over friendship with a girl sparked a revenge plot! Student bought a country-made pistol; friend was caught at the court.) फरीदाबाद में कॉलेज में एक लड़की से दोस्ती को लेकर शुरू हुआ विवाद हथियार तक पहुंच गया। पुलिस के मुताबिक, BBA छात्र वंश राठी ने विवाद के बाद एक युवक से देसी कट्टा खरीदा और उसे अपने MBA कर रहे दोस्त अभिषेक खटाना को दे दिया। अभिषेक कट्टा बैग में रखकर जिला अदालत पहुंच गया, जहां सुरक्षा जांच के दौरान वह पकड़ा गया।

मामले में पुलिस ने पहले अभिषेक को गिरफ्तार किया। पूछताछ के आधार पर कट्टा खरीदने वाले छात्र वंश राठी को भी गिरफ्तार कर लिया गया है। अब पुलिस उस युवक की तलाश कर रही है, जिसने कथित तौर पर कट्टा बेचा था।

कॉलेज में लड़की से दोस्ती को लेकर हुआ विवाद

पुलिस के अनुसार, नंगला पर्वतिया कॉलोनी निवासी वंश राठी पाली स्थित एक निजी कॉलेज में BBA थर्ड ईयर का छात्र है। कॉलेज में एक लड़की से दोस्ती को लेकर उसका एक युवक से विवाद हुआ था। बताया गया कि करीब तीन दिन पहले दोनों के बीच झगड़ा भी हुआ था।

विवाद के बाद खरीदा कट्टा

जांच में सामने आया कि विवाद के बाद वंश ने पृथला निवासी मनीष से कथित तौर पर देसी कट्टा खरीदा। इसके बाद उसने यह हथियार अपने दोस्त अभिषेक खटाना को दे दिया। अभिषेक गुरुग्राम के लाला खेड़ली गांव का रहने वाला है और MBA की पढ़ाई कर रहा है।

कोर्ट के गेट पर खुला हथियार का राज

शुक्रवार को अभिषेक अपने भाई के साथ जिला अदालत पहुंचा था। उसके भाई को लाइसेंस से जुड़े काम के लिए कोर्ट जाना था। एंट्री गेट पर सुरक्षा जांच के दौरान मेटल डिटेक्टर ने उसके बैग में संदिग्ध सामान का संकेत दिया।

बैग की तलाशी लेने पर पुलिस को उसमें से देसी कट्टा बरामद हुआ। इसके बाद अभिषेक को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया गया।

कोर्ट में शपथ ग्रहण समारोह के बीच मचा हड़कंप

जिस समय अभिषेक कोर्ट परिसर पहुंचा, वहां नव-निर्वाचित बार काउंसिल पदाधिकारियों का शपथ ग्रहण समारोह चल रहा था। कार्यक्रम के कारण परिसर में वकीलों और अन्य लोगों की भीड़ मौजूद थी।

अभिषेक से पूछताछ के बाद पुलिस ने वंश राठी तक पहुंच बनाई और उसे भी गिरफ्तार कर लिया।

हथियार बेचने वाले की तलाश

पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ सेंट्रल थाने में मामला दर्ज किया है। अब पुलिस मनीष की तलाश कर रही है, जिस पर वंश को कथित तौर पर देसी कट्टा बेचने का आरोप है।

पुलिस यह भी जांच कर रही है कि हथियार किस उद्देश्य से खरीदा गया था और दोनों आरोपियों की इसके पीछे क्या योजना थी। मामले में क्राइम ब्रांच भी पूछताछ कर रही है।

Translate »
error: Content is protected !!