Home Breaking News NEET UG पेपर लीक: हरियाणा बना ‘ट्रांजिट हब’, 22 लाख छात्रों का...

NEET UG पेपर लीक: हरियाणा बना ‘ट्रांजिट हब’, 22 लाख छात्रों का भविष्य दांव पर !

चंडीगढ़ । राजवीर दीक्षित

(NEET UG paper leak: Haryana emerged as a ‘transit hub’, future of 2.2 million students at stake!) देश की सबसे बड़ी मेडिकल प्रवेश परीक्षा NEET UG अब एक बड़े घोटाले की चपेट में आ गई है। ताजा जांच में इस पूरे पेपर लीक कांड का कनेक्शन हरियाणा के गुरुग्राम से जुड़ता नजर आ रहा है, जिसने पूरे मामले को और ज्यादा गंभीर बना दिया है।

जांच एजेंसियों के अनुसार, यह सिर्फ एक राज्य तक सीमित मामला नहीं है, बल्कि एक संगठित नेटवर्क के जरिए कई राज्यों में फैलाया गया बड़ा रैकेट है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, नासिक की एक प्रिंटिंग प्रेस से NEET का पेपर फिजिकल रूप में लीक हुआ और फिर इसे हरियाणा लाया गया। इसके बाद गुरुग्राम और आसपास के इलाकों में इस पेपर के कई डुप्लीकेट सेट तैयार किए गए, जिससे बड़े पैमाने पर धांधली की आशंका और गहरा गई है।

राजस्थान की स्पेशल ऑपरेशंस ग्रुप (SOG) की जांच में यह भी खुलासा हुआ है कि लीक हुए सवालों को व्हाट्सएप और टेलीग्राम जैसे डिजिटल प्लेटफॉर्म के जरिए तेजी से फैलाया गया। यही वजह है कि अब केंद्रीय जांच एजेंसियां देहरादून, जयपुर और गुरुग्राम समेत कई जगहों पर संदिग्धों पर कड़ी नजर बनाए हुए हैं।

इस बड़े खुलासे के बाद नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) ने 12 मई को होने वाली NEET परीक्षा को रद्द करने का बड़ा फैसला लिया है। अब इस पूरे मामले की जांच केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) को सौंप दी गई है, जिससे उम्मीद जताई जा रही है कि जल्द ही इस रैकेट के मास्टरमाइंड्स का पर्दाफाश होगा।

आपको बता दें कि इस साल NEET UG परीक्षा में 22.79 लाख से ज्यादा छात्र शामिल हुए थे। ऐसे में परीक्षा रद्द होने से लाखों छात्रों के भविष्य पर सवाल खड़े हो गए हैं। हालांकि NTA ने साफ किया है कि छात्रों को दोबारा रजिस्ट्रेशन करने की जरूरत नहीं होगी और उनके परीक्षा केंद्र भी वही रहेंगे। री-एग्जाम के लिए जल्द ही नई तारीख और एडमिट कार्ड जारी किए जाएंगे।

Translate »
error: Content is protected !!