चंडीगढ़। राजवीर दीक्षित
(“Rain: Heavy rainfall accompanied by thunderstorms and strong winds likely; Meteorological Department issues alert for these states”) अप्रैल महीने में जहां देशभर के कई राज्यों में भीषण गर्मी का कहर देखने को मिला, वहीं मई की शुरुआत होते ही मौसम ने अचानक करवट ले ली है। देश के कई हिस्सों में तेज आंधी, तूफान और भारी बारिश का दौर जारी है। मौसम विभाग ने कई राज्यों के लिए अलर्ट जारी करते हुए लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है। आने वाले दिनों में कई इलाकों में तेज हवाओं के साथ बारिश और बिजली गिरने की संभावना जताई गई है, जबकि पहाड़ी क्षेत्रों में बर्फबारी भी हो सकती है।
राजधानी दिल्ली और आसपास के इलाकों में मौसम तेजी से बदल सकता है। IMD ने नई दिल्ली, दक्षिणी दिल्ली, पश्चिमी दिल्ली समेत कई जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। यहां तेज आंधी और बारिश की संभावना है। उत्तर प्रदेश के 38 जिलों में भी गरज-चमक के साथ बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग के अनुसार 40 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं।
बिहार के कई जिलों में भारी बारिश और वज्रपात की चेतावनी दी गई है। वहीं पंजाब के अमृतसर, पठानकोट, लुधियाना और होशियारपुर समेत कई इलाकों में भी बारिश के आसार हैं। राजस्थान और हरियाणा के कई जिलों में भी मौसम बदलने की संभावना जताई गई है। हरियाणा में मंगलवार सुबह हुई बारिश से लोगों को गर्मी से राहत मिली।
हिमाचल प्रदेश में 16 मई तक बारिश और बर्फबारी का सिलसिला जारी रह सकता है। मौसम विभाग ने लोगों को खराब मौसम के दौरान सावधानी बरतने और बिना जरूरत घर से बाहर न निकलने की सलाह दी है।



















