Home Chandigarh पंजाब विजिलेंस दफ्तर पर CBI का छापा: 20 लाख रिश्वत केस में...

पंजाब विजिलेंस दफ्तर पर CBI का छापा: 20 लाख रिश्वत केस में बड़ा एक्शन,3 गिरफ्तार, सिस्टम पर उठे सवाल

चंडीगढ़ । राजवीर दीक्षित

(CBI raid at Punjab Vigilance office: Major action in ₹20 lakh bribery case, 3 arrested; questions raised over the system.) पंजाब में भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए सेंट्रल ब्यूरो ऑफ इन्वेस्टिगेशन (CBI) ने पंजाब विजिलेंस हेडक्वार्टर पर छापा मारकर हड़कंप मचा दिया है। सोमवार देर रात शुरू हुई यह कार्रवाई मंगलवार सुबह तक जारी रही, जब CBI टीम दोबारा मोहाली स्थित विजिलेंस ऑफिस पहुंची और जांच को आगे बढ़ाया।

सूत्रों के मुताबिक, CBI की करीब 15 सदस्यीय टीम विजिलेंस दफ्तर की पहली मंजिल पर मौजूद रही, जहां विजिलेंस चीफ के गिरफ्तार रीडर ओपी राणा के ऑफिस में बैठकर अहम दस्तावेजों की जांच की जा रही है। खास बात यह है कि विजिलेंस प्रमुख शरद सत्य चौहान का दफ्तर भी इसी फ्लोर पर स्थित है। हालांकि, फिलहाल उनसे सीधे पूछताछ नहीं हुई है, लेकिन जल्द ही उन्हें भी जांच के दायरे में लिया जा सकता है।

CBI ने अपने प्रेस नोट में पुष्टि की है कि 20 लाख रुपये के कथित रिश्वत मामले में तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया है। इनमें रीडर ओपी राणा के अलावा मलोट निवासी राघव गोयल और विकास गोयल शामिल हैं। बताया जा रहा है कि CBI ने चंडीगढ़ के एक पांच सितारा होटल में रेड कर आरोपियों को रंगे हाथों पकड़ा, जहां 20 लाख की डील चल रही थी। शिकायतकर्ता 13 लाख रुपये लेकर पहुंचा था, जिसे टीम ने मौके से बरामद कर लिया।

इस पूरे मामले में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत FIR दर्ज की गई है। शुरुआती जांच में यह भी सामने आया है कि राघव गोयल विजिलेंस अधिकारियों का करीबी था और उसे पुलिस सुरक्षा भी मिली हुई थी, जिससे इस केस की गंभीरता और बढ़ जाती है।

CBI की इस कार्रवाई के बाद विजिलेंस ब्यूरो के भीतर हलचल तेज हो गई है। जिस विभाग पर भ्रष्टाचार रोकने की जिम्मेदारी है, उसी के अंदर इस तरह की कार्रवाई ने सिस्टम की कार्यप्रणाली पर बड़े सवाल खड़े कर दिए हैं।

अब जांच सिर्फ एक रीडर तक सीमित नहीं है। एजेंसी पूरे नेटवर्क की गहराई से जांच कर रही है, जिसमें अन्य अधिकारियों और बिचौलियों की भूमिका भी खंगाली जा रही है। सूत्रों का दावा है कि आने वाले दिनों में इस मामले में कई और बड़े खुलासे हो सकते हैं।

Translate »
error: Content is protected !!