चंडीगढ़ । राजवीर दीक्षित
(Punjab Gangster Arrested in Sirsa; Illegal Weapons Recovered, Suspected of Planning a Major Crime) सिरसा पुलिस की क्राइम इन्वेस्टिगेशन एजेंसी (CIA) ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए पंजाब के एक गैंगस्टर को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से एक अवैध हथियार भी बरामद किया गया है। पुलिस को आशंका है कि वह सिरसा में किसी बड़ी आपराधिक वारदात को अंजाम देने की नीयत से आया था, लेकिन उससे पहले ही पुलिस ने उसे दबोच लिया।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान गौरव शर्मा उर्फ गोरू बच्चा निवासी लुधियाना (पंजाब) के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, वह लंबे समय से फरार चल रहा था और गिरफ्तारी से बचने के लिए लगातार अपना ठिकाना बदल रहा था।
पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि आरोपी सिरसा में मौजूद है। सूचना के आधार पर सीआईए टीम ने कार्रवाई करते हुए सोमवार रात सिरसा अनाज मंडी के पास स्थित एक पेट्रोल पंप के नजदीक से उसे गिरफ्तार कर लिया।
प्रारंभिक जांच में अभी तक आरोपी का सिरसा में दर्ज किसी आपराधिक मामले से सीधा संबंध सामने नहीं आया है। हालांकि पुलिस उससे लगातार पूछताछ कर रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि वह शहर में किस उद्देश्य से आया था, क्या उसके स्थानीय लोगों से संपर्क थे और क्या वह किसी बड़ी वारदात की योजना बना रहा था।
जांच में यह भी सामने आया है कि गौरव शर्मा अपना अलग गैंग संचालित करता है और फिलहाल उसका किसी अन्य आपराधिक गिरोह से संबंध होने के प्रमाण नहीं मिले हैं।
सिरसा पुलिस ने इस गिरफ्तारी की जानकारी पंजाब पुलिस को भी दे दी है। अब दोनों राज्यों की पुलिस आरोपी से पूछताछ कर उसके आपराधिक नेटवर्क, सहयोगियों और सिरसा आने के पीछे की असली वजह का पता लगाने में जुटी हुई है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, मामले से जुड़े अन्य महत्वपूर्ण खुलासे मंगलवार को आयोजित होने वाली प्रेस कॉन्फ्रेंस में किए जा सकते हैं। फिलहाल आरोपी से गहन पूछताछ जारी है।



















