चंडीगढ़। राजवीर दीक्षित
(“Haveli Restaurant Cockroach Row Goes Viral “) पंजाब के जालंधर स्थित मशहूर हवेली रेस्टोरेंट एक वायरल वीडियो के बाद विवादों में घिर गया है। सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे इस वीडियो में एक ग्राहक ने दावा किया है कि उसे परोसे गए सलाद में जिंदा कॉकरोच मिला। इस घटना के सामने आने के बाद लोगों में नाराजगी देखने को मिल रही है और रेस्टोरेंट की साफ-सफाई पर गंभीर सवाल उठने लगे हैं।
जानकारी के मुताबिक, लुधियाना निवासी दिलावर सिंह अपने परिवार के साथ 25 जून को जालंधर के हवेली रेस्टोरेंट में नाश्ता करने पहुंचे थे। उनका कहना है कि पराठों के साथ परोसे गए सलाद में मूली के टुकड़ों पर एक जिंदा कॉकरोच दिखाई दिया। उन्होंने तुरंत इसका वीडियो बना लिया और रेस्टोरेंट स्टाफ को इसकी जानकारी दी। ग्राहक का आरोप है कि स्टाफ ने प्लेट बदलने की बात कही, लेकिन इस लापरवाही के लिए माफी नहीं मांगी।
ग्राहक का कहना है कि घटना के बाद उन्होंने और उनके परिवार ने खाना नहीं खाया। हालांकि, बिल का भुगतान करने पर रेस्टोरेंट प्रबंधन ने पैसे लेने से इनकार किया, लेकिन उन्होंने स्वयं भुगतान किया और वहां से चले गए। बाद में उन्होंने यह वीडियो सोशल मीडिया पर साझा किया, जिसके बाद मामला तेजी से वायरल हो गया।
वीडियो में ग्राहक ने यह भी आरोप लगाया कि सलाद काफी पुराना लग रहा था और संभवतः कई दिनों से फ्रिज में रखा हुआ था। उन्होंने प्रशासन से रेस्टोरेंट की किचन व्यवस्था और खाद्य गुणवत्ता की जांच कराने की मांग की है ताकि भविष्य में ऐसी घटनाएं दोबारा न हों।
वहीं, रेस्टोरेंट प्रबंधन ने कहा है कि उन्हें इस वायरल वीडियो की कोई पूर्व जानकारी नहीं थी। उनका कहना है कि मामले की जांच की जाएगी और यदि किसी कर्मचारी की लापरवाही सामने आती है तो उसके खिलाफ उचित कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल यह मामला सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बना हुआ है।



















