शिमला । राजवीर दीक्षित
(₹11,000 Reward for Alcohol-Free Weddings! This Unique Initiative Is Winning Hearts)हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले की मेन भरोला पंचायत के ब्लॉक डेवलपमेंट कमेटी (BDC) सदस्य दलीप सिंह ने समाज में सकारात्मक बदलाव लाने के लिए एक अनोखी पहल की है। उन्होंने घोषणा की है कि जो परिवार अपनी शादी समारोह में शराब नहीं परोसेंगे, उन्हें अपनी निजी राशि से 11,000 रुपये का नकद प्रोत्साहन दिया जाएगा।
यह घोषणा पंचायत प्रधान संजय जमवाल की अध्यक्षता में आयोजित ग्राम सभा की बैठक में की गई, जिसमें बड़ी संख्या में ग्रामीण भी मौजूद रहे।

पंचायत प्रधान ने स्पष्ट किया कि यह कोई पंचायत योजना या ग्राम सभा का प्रस्ताव नहीं है, बल्कि दलीप सिंह की व्यक्तिगत पहल है, जिसका उद्देश्य शराब मुक्त शादियों को बढ़ावा देना है।
ग्राम सभा में मौजूद लोगों ने इस फैसले का स्वागत करते हुए इसे समाज के लिए एक सकारात्मक और प्रेरणादायक कदम बताया।
दलीप सिंह ने कहा कि उनका उद्देश्य लोगों को स्वेच्छा से शादी समारोहों में शराब परोसने की परंपरा छोड़ने के लिए प्रेरित करना है, ताकि गांवों में स्वस्थ सामाजिक मूल्यों को बढ़ावा मिल सके।
पूर्व सैनिक रहे दलीप सिंह ने बताया कि वह अपनी पेंशन का एक हिस्सा सामाजिक कार्यों में खर्च करना चाहते हैं। उन्होंने यह भी घोषणा की कि BDC सदस्य के रूप में कार्यकाल के दौरान राज्य सरकार से मिलने वाला पूरा मानदेय पंचायत के विकास कार्यों पर खर्च किया जाएगा।
ग्राम सभा में स्वच्छता, सार्वजनिक सुरक्षा और पंचायत प्रशासन से जुड़े कई महत्वपूर्ण फैसले भी लिए गए। पंचायत क्षेत्र में खुले स्थानों पर कूड़ा फैलाने वालों पर 1,000 रुपये का जुर्माना लगाया जाएगा।
वहीं, स्वच्छता व्यवस्था को मजबूत करने के लिए पंचायत के प्रत्येक परिवार से 100 रुपये स्वच्छता शुल्क लिया जाएगा।
बैठक में यह भी जानकारी दी गई कि शादी, बच्चे के जन्म और अन्य शुभ अवसरों पर किन्नर समुदाय को परंपरागत रूप से 1,100 से 2,100 रुपये तक की राशि दी जाती है।
इसके अलावा पंचायत क्षेत्र में सामान बेचने वाले सभी फेरीवालों और विक्रेताओं के लिए पुलिस वेरिफिकेशन कराना और सामान के वैध बिल साथ रखना अनिवार्य होगा। पंचायत की ओर से अनापत्ति प्रमाण पत्र (NOC) जारी करने के लिए 100 रुपये शुल्क भी निर्धारित किया गया है।



















