द टारगेट न्यूज वेब डेस्क
(SAD chief Sukhbir Singh Badal attacked in Maharashtra’s Nanded) महाराष्ट्र के नांदेड़ साहिब स्थित गुरुद्वारा परिसर में शिरोमणि अकाली दल के अध्यक्ष और पंजाब के पूर्व उपमुख्यमंत्री सुखबीर सिंह बादल पर गुरुवार को हमला किए जाने की खबर सामने आई है। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, एक अज्ञात व्यक्ति ने धार्मिक स्थल पर सुखबीर बादल को निशाना बनाया।
घटना के दौरान सुखबीर बादल के हाथ में चोट लगने की बात सामने आई है। घटना के बाद उन्हें इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया। मौके से सामने आए वीडियो में भी घटना के बाद की स्थिति दिखाई दे रही है। समाचार एजेंसी ANI ने नांदेड़ पुलिस के हवाले से बताया कि सुखबीर बादल पर हमला एक निहंग ने गुरुद्वारा परिसर के अंदर किया।
हालांकि, हमले के पीछे की वजह और आरोपी की मंशा को लेकर पुलिस की जांच जारी है। घटना के बाद गुरुद्वारा परिसर में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठे हैं। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और हमले से जुड़े तथ्यों को जुटाया जा रहा है।
सुखबीर बादल पर हुए इस हमले ने पंजाब की राजनीति के साथ-साथ सिख धार्मिक स्थलों की सुरक्षा को लेकर भी चर्चा तेज कर दी है। मामले में पुलिस की आगे की जांच के बाद ही हमले की पूरी तस्वीर साफ हो पाएगी।



















