Home BJP भाजपा की नई टीम में बड़े बदलाव, जानिए किस-किस को मिली जगह

भाजपा की नई टीम में बड़े बदलाव, जानिए किस-किस को मिली जगह

अमित मालवीय की जगह म्हस्के को IT सेल की कमान; राम माधव-स्मृति ईरानी की वापसी

दिल्ली। राजवीर दीक्षित

(Major changes in BJP’s new team; find out who has been included) भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन ने पद संभालने के 209 दिन बाद अपनी नई राष्ट्रीय टीम का ऐलान कर दिया है। 65 सदस्यों वाली इस टीम में कई बड़े बदलाव देखने को मिले हैं। राम माधव और स्मृति ईरानी की पार्टी की राष्ट्रीय टीम में वापसी हुई है, जबकि भाजपा IT सेल के प्रभारी अमित मालवीय को जिम्मेदारी से हटा दिया गया है।

अमित मालवीय की जगह अब दीपक म्हस्के भाजपा के IT सेल की कमान संभालेंगे। वहीं राजस्थान की पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे को राष्ट्रीय उपाध्यक्ष के पद पर बरकरार रखा गया है। राष्ट्रीय संगठन मंत्री बीएल संतोष भी अपनी जिम्मेदारी संभालते रहेंगे।

65 सदस्यों की टीम में 12 महिलाएं

नितिन नवीन की नई टीम में कुल 65 सदस्य शामिल हैं। इनमें 13 राष्ट्रीय उपाध्यक्ष, 8 महासचिव, 16 सचिव और 28 सदस्य हैं। टीम में 12 महिलाओं को भी अहम जिम्मेदारियां दी गई हैं।

वसुंधरा राजे, डी. पुरंदेश्वरी, रेखा वर्मा, वर्षाबेन दोशी, डॉ. भारती पवार और डॉ. मधुचंद्र कर को राष्ट्रीय उपाध्यक्ष बनाया गया है। वहीं स्मृति ईरानी को महासचिव की जिम्मेदारी मिली है।

कविता पाटीदार, फांग्नोन कोन्यक और संगीता यादव को राष्ट्रीय सचिव बनाया गया है। रूप कुमारी चौधरी को महिला मोर्चा अध्यक्ष और प्रीति गांधी को सोशल मीडिया सह-संयोजक की जिम्मेदारी दी गई है।

यूपी से मुस्लिम चेहरों को भी जगह

भाजपा की नई राष्ट्रीय टीम में उत्तर प्रदेश से तारिक मंसूर और बासित अली को भी शामिल किया गया है। पार्टी की नई टीम में उत्तर प्रदेश का खासा प्रतिनिधित्व देखने को मिला है।

6 साल बाद राम माधव की भाजपा में वापसी

राम माधव की राष्ट्रीय टीम में वापसी को बड़ा राजनीतिक बदलाव माना जा रहा है। सितंबर 2020 में उन्हें भाजपा की राष्ट्रीय टीम में महासचिव के पद से हटाया गया था। इसके बाद वे RSS में सक्रिय रहे। अब करीब छह साल बाद भाजपा की राष्ट्रीय टीम में उनकी वापसी हुई है और उन्हें फिर महासचिव की जिम्मेदारी दी गई है।

स्मृति ईरानी और बिप्लब देब का बढ़ा कद

स्मृति ईरानी को महासचिव बनाए जाने को भी अहम माना जा रहा है। 2024 के अमेठी लोकसभा चुनाव में हार के बाद वे केंद्रीय मंत्रिमंडल से बाहर हो गई थीं, लेकिन पार्टी के चुनावी अभियानों में सक्रिय रहीं। अब नई जिम्मेदारी के साथ पार्टी संगठन में उनका कद फिर बढ़ा है।

बिप्लब कुमार देब को भी राष्ट्रीय महासचिव बनाया गया है। चुनावी राज्यों में पार्टी के लिए उनकी भूमिका को देखते हुए उन्हें संगठन में अहम जिम्मेदारी मिली है।

IT सेल की कमान अब केमिस्ट्री प्रोफेसर म्हस्के के हाथ

अमित मालवीय की जगह IT सेल का नेतृत्व करने वाले दीपक म्हस्के की प्रोफाइल भी चर्चा में है। वे केमिस्ट्री के प्रोफेसर रह चुके हैं और चुनावी डेटा एनालिसिस, कृषि, सरकारी योजनाओं और पब्लिक सेक्टर से जुड़े काम का अनुभव रखते हैं।

भाजपा की नई टीम की बैठक 22 अगस्त को दिल्ली में होने वाली है। ऐसे में नई टीम के गठन के बाद पार्टी की आगामी रणनीति और संगठनात्मक प्राथमिकताओं पर भी नजर रहेगी।

Translate »
error: Content is protected !!