जालंधर। राजवीर दीक्षित
(Hospital staff member attacked with a lathi; warning of an indefinite strike starting from the 24th) जालंधर के सिविल अस्पताल स्थित नशा मुक्ति केंद्र में ड्यूटी पर तैनात कर्मचारी पर मरीज द्वारा लाठी से हमला करने का मामला सामने आया है। घटना के बाद कर्मचारियों में रोष फैल गया। स्टाफ ने अस्पताल परिसर में प्रदर्शन कर सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की। कर्मचारियों ने चेतावनी दी है कि उनकी मांगें एक सप्ताह में पूरी नहीं हुईं तो 24 अगस्त से केंद्र का कामकाज पूरी तरह बंद कर अनिश्चितकालीन हड़ताल शुरू कर दी जाएगी।
अधिक दवा देने से मना किया तो भड़का मरीज
पीड़ित कर्मचारी जसपिंदर सिंह ने बताया कि वह नशा मुक्ति केंद्र में ड्यूटी पर तैनात थे। इसी दौरान एक मरीज निर्धारित मात्रा से अधिक दवा मांगने लगा। नियमों का हवाला देते हुए जब कर्मचारी ने अतिरिक्त दवा देने से इनकार किया तो मरीज कथित तौर पर भड़क गया। आरोप है कि मरीज ने पहले गाली-गलौज की और इसके बाद लाठी से कर्मचारी पर हमला कर दिया। घटना के बाद कर्मचारियों ने सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए अधिकारियों से तत्काल कार्रवाई की मांग की।
कर्मचारियों ने कहा- पहले भी हो चुकी हैं ऐसी घटनाएं
कर्मचारियों का कहना है कि केंद्र में स्टाफ के साथ बदसलूकी और हाथापाई की घटनाएं पहले भी सामने आती रही हैं। उनका आरोप है कि नशा मुक्ति केंद्र में पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था नहीं होने के कारण कर्मचारियों को हर समय खतरा बना रहता है।
स्टाफ ने केंद्र में सुरक्षा कर्मियों की संख्या बढ़ाने और जरूरत पड़ने पर पुलिस की तैनाती की मांग की है।
वेतन बढ़ोतरी और स्थायी नियुक्ति की भी मांग
काउंसलर ओंकार सिंह ने कहा कि कर्मचारियों की कई मांगें लंबे समय से लंबित हैं। इनमें 9 प्रतिशत विशेष वेतन वृद्धि और 6 प्रतिशत वार्षिक वेतन वृद्धि लागू करना प्रमुख मांग है।उन्होंने कहा कि कर्मचारियों की श्रेणी भी अभी तक स्पष्ट नहीं की गई है। कर्मचारियों का दावा है कि सूचना के अधिकार के तहत मिली जानकारी के अनुसार उन्हें श्रेणी ‘सी’ में रखा गया है।
ठेके पर नियुक्ति को लेकर भी नाराजगी
कर्मचारियों ने ठेके पर नियुक्ति की व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठाए हैं। उनका कहना है कि उन्हें इस व्यवस्था से बाहर निकालने के संबंध में अभी तक कोई स्पष्ट अधिसूचना जारी नहीं हुई है। ओंकार सिंह के मुताबिक, प्रशासन की ओर से कर्मचारियों को तीन से चार साल में नियमित करने का आश्वासन दिया गया था, लेकिन अब तक इस दिशा में कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया।
24 अगस्त से काम बंद करने की चेतावनी
कर्मचारियों ने प्रशासन को एक सप्ताह का समय देते हुए कहा है कि यदि उनकी मांगों पर जल्द फैसला नहीं लिया गया तो 24 अगस्त से नशा मुक्ति केंद्र में कामकाज पूरी तरह ठप कर अनिश्चितकालीन हड़ताल शुरू कर दी जाएगी। फिलहाल कर्मचारी सुरक्षा के साथ-साथ वेतन और सेवा संबंधी मांगों को लेकर आंदोलन की तैयारी में हैं।



















