Home Himachal Pradesh पीरनिगाह मंदिर की चाबिया पंचायत को देने की मांग, डीसी कार्यालय के...

पीरनिगाह मंदिर की चाबिया पंचायत को देने की मांग, डीसी कार्यालय के बाहर जुटे ग्रामीण

ऊना । राजवीर दीक्षित

(Villagers gather outside DC office demanding handover of Peer-Nigah temple keys to the Panchayat)पीरनिगाह मंदिर की चाबियां ग्राम पंचायत को सौंपने की मांग को लेकर शुक्रवार को एक बार फिर माहौल गरमा गया। बड़ी संख्या में ग्रामीण अपनी मांग को लेकर डीसी कार्यालय पहुंचे और प्रशासन के सामने पक्ष रखा। ग्रामीणों का आरोप है कि पंचायत चुनाव के बाद से वे लगातार इस मुद्दे को उठा रहे हैं, लेकिन कई बार मांग रखने के बावजूद अब तक कोई ठोस समाधान नहीं निकला।
डीसी कार्यालय में अधिकारियों के साथ बातचीत के दौरान जब ग्रामीणों को उनकी मांग पर तत्काल कार्रवाई का भरोसा नहीं मिला तो उनका गुस्सा बढ़ गया। इसके बाद ग्रामीणों ने कार्यालय के बाहर धरना शुरू कर दिया और प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। प्रदर्शनकारियों ने स्पष्ट किया कि जब तक मंदिर की चाबियां ग्राम पंचायत को सौंपने को लेकर कोई ठोस निर्णय नहीं लिया जाता, तब तक उनका विरोध जारी रहेगा।
ग्रामीणों का कहना है कि पंचायत चुनाव के बाद वह करीब चार बार प्रशासन के समक्ष मंदिर की चाबियां पंचायत को सौंपने की मांग उठा चुके हैं। हर बार उन्हें आश्वासन मिला, लेकिन मामला अभी तक लंबित है। शुक्रवार को भी इसी उम्मीद के साथ ग्रामीण डीसी कार्यालय पहुंचे थे कि उनकी मांग पर कोई निर्णय लिया जाएगा, लेकिन बातचीत बेनतीजा रहने के बाद विरोध प्रदर्शन तेज हो गया।
प्रदर्शन को देखते हुए डीसी कार्यालय के बाहर पुलिस बल तैनात कर दिया गया। पुलिस की मौजूदगी के बावजूद ग्रामीण पीछे हटने को तैयार नहीं हुए और लगातार नारेबाजी करते रहे। ग्रामीणों ने प्रशासन से जल्द हस्तक्षेप कर मंदिर की चाबियां ग्राम पंचायत को सौंपने की प्रक्रिया पूरी करने की मांग उठाई। उनका कहना है कि इस मामले को अब और लंबा खींचने के बजाय प्रशासन को स्पष्ट फैसला लेना चाहिए।

Translate »
error: Content is protected !!