पंचकूला। राजवीर दीक्षित
(Body of newborn found in river; suspected to be 4-5 days old) सेक्टर-21 स्थित घग्गर नदी के छठ पूजा घाट के पास शुक्रवार को उस समय सनसनी फैल गई, जब पानी में एक नवजात शिशु का शव बहता मिला। स्थानीय लोगों ने शव को नदी में देखा तो तुरंत पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।
पानी में बहता दिखा शव, लोगों ने पुलिस को दी सूचना
स्थानीय लोगों के मुताबिक, घग्गर नदी में शव बहता हुआ दिखाई दिया था। इसके बाद डायल 112 के माध्यम से पुलिस को जानकारी दी गई। सूचना मिलते ही सेक्टर-25 पुलिस चौकी के इंचार्ज रामू स्वामी टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे।
पुलिस ने मौके का निरीक्षण करने के बाद मामले की गंभीरता को देखते हुए फोरेंसिक टीम को भी बुलाया। टीम ने घटनास्थल से जरूरी साक्ष्य जुटाए और जांच में शामिल किए।
4 से 5 दिन पुराना बताया जा रहा शव
पुलिस की प्रारंभिक जांच के अनुसार, नवजात का शव करीब चार से पांच दिन पुराना प्रतीत हो रहा है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम और अन्य कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी है। मौत के वास्तविक कारणों और अन्य पहलुओं की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।
शव नदी में कहां से आया? पुलिस खंगाल रही सुराग
अब पुलिस इस बात का पता लगाने में जुटी है कि नवजात का शव घग्गर नदी में कहां से पहुंचा और इसे नदी में किसने छोड़ा। पुलिस आसपास के इलाकों से जानकारी जुटाने के साथ संभावित सुरागों की भी जांच कर रही है।
अधिकारियों के मुताबिक, मामले से जुड़े सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है। फोरेंसिक साक्ष्यों और अन्य जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।



















