Home accident ऊना में दर्दनाक हादसा: बाइक की टक्कर से 9 साल की बच्ची...

ऊना में दर्दनाक हादसा: बाइक की टक्कर से 9 साल की बच्ची घायल

ऊना। राजवीर दीक्षित

अंब (ऊना)। उपमंडल अंब के अलोह में सड़क पार कर रही नौ वर्षीय बच्ची को तेज रफ्तार बाइक ने टक्कर मार दी। हादसे में बच्ची सड़क पर गिरकर घायल हो गई, जबकि बाइक सवार तीन लोग मौके से फरार हो गए। घटना के बाद आसपास मौजूद लोगों ने घायल बच्ची को तुरंत उपचार के लिए सामुदायिक अस्पताल अंब पहुंचाया।

पुलिस के अनुसार, अलोह निवासी नियामत अली ने शिकायत में बताया कि 20 अगस्त की शाम करीब 4:30 बजे उनकी पड़ोसी नौ वर्षीय शिवानी अपनी मां मनू बेगम के साथ सड़क पार कर रही थी। इसी दौरान भरवाईं की तरफ से तेज गति से काले रंग की बाइक आई और बच्ची को जोरदार टक्कर मार दी। बाइक पर तीन लोग सवार बताए जा रहे हैं।

टक्कर इतनी तेज थी कि शिवानी सड़क पर गिर गई और उसे चोटें आईं। हादसे के बाद बाइक सवार बिना रुके मौके से भाग निकले। शिकायतकर्ता बाइक का नंबर नोट नहीं कर सका, जिससे पुलिस के सामने चालक की पहचान करना चुनौती बन गया है।

मामले की सूचना मिलते ही पुलिस ने शिकायत के आधार पर अज्ञात बाइक चालक के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली है। अब पुलिस घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि बाइक और उसके चालक की पहचान हो सके।

पुलिस अधीक्षक सचिन हिरेमठ ने बताया कि मामले की जांच जारी है और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपी चालक तक पहुंचने के प्रयास किए जा रहे हैं।

Translate »
error: Content is protected !!