शिमला। राजवीर दीक्षित
(Political standoff intensifies in Himachal; ruling party and opposition stage protests within the Assembly complex)विधानसभा परिसर में आज सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच राजनीतिक टकराव देखने को मिला। मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू की अगुवाई में कांग्रेस विधायक दल ने हाथों में तख्तियां लेकर भाजपा के खिलाफ नारेबाजी करते हुए प्रदर्शन किया। इसके जवाब में विधानसभा की कार्यवाही शुरू होने से पहले भाजपा विधायक भी मोर्चे पर नजर आए और उन्होंने तख्तियां लहराकर प्रदेश सरकार के खिलाफ अपना विरोध दर्ज कराया।
विधानसभा में कांग्रेस का BJP पर हल्लाबोल
हिमाचल विधानसभा का मानसून सत्र दूसरे दिन भी हंगामे के साथ शुरू हुआ। सदन की कार्यवाही से पहले ही विधानसभा परिसर राजनीतिक नारों से गूंज उठा। मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू के नेतृत्व में कांग्रेस विधायकों ने तख्तियां लेकर भाजपा के खिलाफ प्रदर्शन किया। इस दौरान कांग्रेस ने भाजपा पर राष्ट्रगान के अपमान का आरोप लगाया और “पेपर चोर कहां मिलेंगे, बीजेपी के दफ्तर में” जैसे नारे लगाकर माहौल गरमा दिया।
भाजपा का सरकार के खिलाफ प्रदर्शन
वहीं, सदन की कार्यवाही शुरू होने से पहले भाजपा विधायक दल ने विधानसभा परिसर में सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया। हाथों में तख्तियां लेकर भाजपा विधायकों ने प्रदर्शन किया और पंचायती राज संस्थाओं का राजनीतिक शोषण करने का आरोप लगाया। इस दौरान अध्यक्ष और उपाध्यक्ष के चुनाव में हो रही देरी को लेकर भी सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की गई।
श्रद्धांजलि के साथ शुरू हुआ विधानसभा सत्र का दूसरा दिन
विधानसभा की दूसरे दिन की बैठक की शुरुआत सुबह 11 बजे शोक प्रस्ताव और श्रद्धांजलि के साथ हुई। सदन ने दिवंगत पूर्व विधायकों को याद करते हुए उनके निधन पर संवेदनाएं व्यक्त कीं। मुख्यमंत्री ने सबसे पहले शोक व्यक्त किया, इसके बाद नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने दिवंगत नेताओं को श्रद्धांजलि दी। मंत्रियों और अन्य विधायकों ने भी शोक संवेदना प्रकट करते हुए दिवंगत पूर्व विधायकों को याद किया।
‘वंदे मातरम्’ पर भिड़े सत्ता पक्ष-विपक्ष, सदन में गूंजे विरोध के नारे
‘वंदे मातरम्’ को लेकर शुरू हुआ विवाद देखते ही देखते सदन के भीतर बड़े हंगामे में बदल गया। दोनों पक्षों के सदस्य एक-दूसरे के खिलाफ नारेबाजी करते नजर आए। लगातार बढ़ते शोर और हंगामे के बीच अध्यक्ष ने हस्तक्षेप करते हुए कार्यवाही दो बजे तक के लिए स्थगित कर दी।
Like this:
Like Loading...