Home crime घर में घुसकर महिलाओं से मारपीट का आरोप, गहने-कैश लूटने का दावा;

घर में घुसकर महिलाओं से मारपीट का आरोप, गहने-कैश लूटने का दावा;

जालंधर। राजवीर दीक्षित।

(Accusation of barging into a house and assaulting women; claim of looting jewelry and cash) जालंधर के बस्ती बावा खेल इलाके के राजा गार्डन में एक मकान में घुसकर महिलाओं और बच्चों से मारपीट, गहने व नकदी छीनने का मामला सामने आया है। पीड़ित परिवार ने एक महिला समेत करीब 25 लोगों पर जबरन घर में घुसकर हमला करने के गंभीर आरोप लगाए हैं। परिवार का दावा है कि घटना के दौरान एक साल के बच्चे को भी कथित तौर पर उठाकर बेड पर फेंका गया।

मामले में पीड़ित परिवार ने पुलिस की कार्रवाई पर भी सवाल उठाए हैं। उनका आरोप है कि हमलावरों के खिलाफ कार्रवाई करने के बजाय पुलिस ने परिवार के सदस्यों और महिलाओं को देर रात तक थाने में बैठाए रखा। हालांकि, थाना बस्ती बावा खेल के SHO ने इन आरोपों को बेबुनियाद बताया है।

कमरे पर कब्जे को लेकर चल रहा विवाद

शिकायतकर्ता वरिंदर सिंह के मुताबिक, राजा गार्डन स्थित मकान की रजिस्ट्री उनकी पत्नी सरबता के नाम पर है। परिवार का कहना है कि मनजीत कौर नाम की महिला का उनके रिश्तेदार के साथ पारिवारिक और अदालत से जुड़ा विवाद चल रहा है। भरण-पोषण से संबंधित मामला भी अदालत में लंबित बताया गया है।

पीड़ित परिवार का आरोप है कि मनजीत कौर मकान के एक कमरे पर कब्जा करके बैठी है और उसे खाली करने से इनकार कर रही है। इसी विवाद के बीच 20 अगस्त को कथित तौर पर घर में घुसकर मारपीट की घटना हुई।

25 लोगों के साथ घर में घुसने का आरोप

वरिंदर सिंह के अनुसार, 20 अगस्त को दोपहर करीब 2 बजे मनजीत कौर, सोनिया प्रधान, लकी संधू और रंजीत कौर उर्फ राणो कथित तौर पर करीब 25 लोगों के साथ उनके घर में घुस आए।

परिवार का आरोप है कि उस समय घर में महिलाएं और छोटे बच्चे मौजूद थे। आरोपियों ने महिलाओं के साथ मारपीट और बदसलूकी की। बीच-बचाव करने आई स्वाति की गोद से कथित तौर पर उसका एक साल का बच्चा छीनकर बेड पर फेंक दिया गया।

परिवार ने आरोप लगाया कि इसी दौरान महिला रेखा की सोने की बालियां समेत अन्य गहने और नकदी भी छीन ली गई।

घटना की वीडियो बनाने पर मोबाइल छीनने का आरोप

पीड़ित पक्ष का कहना है कि घटना की सूचना पुलिस को दी गई थी। इसी दौरान वरिंदर के बेटे केशव ने मोबाइल से घटना की वीडियो बनाने का प्रयास किया, लेकिन आरोप है कि उसका मोबाइल भी छीन लिया गया।

परिवार का दावा है कि पुलिस शाम करीब 4:30 बजे मौके पर पहुंची।

पुलिस पर पीड़ितों को थाने में बैठाने का आरोप

पीड़ित परिवार ने बस्ती बावा खेल थाना पुलिस पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि पुलिस ने हमलावरों पर कार्रवाई करने के बजाय परिवार के सदस्यों को ही थाने ले जाकर बैठा दिया।

परिवार का आरोप है कि थाने में उनके साथ कथित तौर पर दुर्व्यवहार और गाली-गलौज की गई तथा उन्हें रात करीब 11:30 बजे तक हिरासत में रखा गया।

हालांकि, थाना प्रभारी जयइंदर सिंह ने इन आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि पुलिस पर लगाए गए आरोप बेबुनियाद हैं और ऐसा कुछ नहीं हुआ।

पीड़ित परिवार ने उच्च अधिकारियों से लगाई गुहार

पीड़ित परिवार का आरोप है कि आरोपी पक्ष उन्हें धमकाकर और झूठे मामलों में फंसाने का दबाव बना रहा है। परिवार ने पुलिस के उच्च अधिकारियों से मामले की निष्पक्ष जांच कराने और घर में घुसकर मारपीट, कथित लूटपाट व कब्जे के आरोपों पर कार्रवाई की मांग की है।

फिलहाल मामले में दोनों पक्षों के आरोपों और पुलिस की कार्रवाई को लेकर जांच की स्थिति स्पष्ट होना बाकी है।

Translate »
error: Content is protected !!