नूरपुर (कांगड़ा)। राजवीर दीक्षित
(Assets worth ₹3.32 crore amassed through drug trafficking; police seize hotel and vehicles)हिमाचल प्रदेश के नूरपुर में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है। इसी कड़ी में पुलिस ने एक आरोपित की करीब 3.32 करोड़ रुपये की संपत्ति जब्त करवाई है। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक धर्म चंद वर्मा ने बताया कि सक्षम प्राधिकारी, नई दिल्ली ने पुलिस की वित्तीय जांच को सही मानते हुए संपत्ति जब्ती की पुष्टि की है। पुलिस के अनुसार यह संपत्ति नशे के अवैध कारोबार से अर्जित की गई थी।
पुलिस थाना डमटाल की टीम ने 29 दिसंबर 2025 को नशा तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए बलविंदर उर्फ बिल्ला को गिरफ्तार किया था। आरोपित कांगड़ा जिले की तहसील इंदौरा के गांव छन्नी का निवासी बताया गया है। पुलिस के अनुसार, आरोपित के कब्जे से 1 किलो 852 ग्राम चरस बरामद की गई थी। बरामद नशे को कब्जे में लेकर पुलिस ने मामले की जांच शुरू की। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि यह चरस कहां से लाई गई थी और इसकी सप्लाई आगे किन लोगों तक की जानी थी।
करोड़ों की संदिग्ध संपत्ति पर पुलिस का शिकंजा
जांच के दौरान पुलिस ने आरोपी की चल और अचल संपत्तियों की गहन वित्तीय पड़ताल की। इस प्रक्रिया में ऐसी कई संपत्तियों का पता चला, जिनके मादक पदार्थों की अवैध तस्करी से अर्जित धन से जुड़े होने का संदेह है। इसके बाद कार्रवाई करते हुए संबंधित जमीन-जायदाद, होटल-कम-रेस्तरां, दुकानों, मोटर वाहनों और बैंक खातों में जमा रकम को अस्थायी रूप से फ्रीज कर प्रतिबंधित कर दिया गया।पुलिस की इस कार्रवाई का उद्देश्य अवैध कमाई से बनाई गई संपत्तियों के इस्तेमाल और हस्तांतरण पर रोक लगाना है।
पुलिस जांच के दौरान आरोपित की कुल संपत्ति 3 करोड़ 32 लाख 32 हजार 362 रुपये पाई गई। वित्तीय जांच पूरी करने के बाद जिला पुलिस नूरपुर ने संबंधित रिपोर्ट सक्षम प्राधिकारी, नई दिल्ली को भेजी। जांच के आधार पर सक्षम प्राधिकारी ने 9 सितंबर 2026 को आदेश जारी कर नशे के अवैध कारोबार से अर्जित संपत्ति की जब्ती की पुष्टि कर दी।
नशा तस्करों की करोड़ों की संपत्ति पर कार्रवाई, नूरपुर में 17 केसों में जब्ती
नूरपुर पुलिस ने नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ कार्रवाई तेज करते हुए आरोपियों की करोड़ों रुपये की संपत्ति जब्त की है। 10 सितंबर तक सामने आए 17 मामलों में कुल 29.95 करोड़ रुपये से अधिक की संपत्ति जब्त की जा चुकी है। पुलिस के मुताबिक, नशे के कारोबार से अर्जित संपत्ति को चिन्हित कर उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जा रही है। वहीं, कुछ अन्य मामले सक्षम प्राधिकारी के समक्ष लंबित हैं।



















