सुजानपुर (हमीरपुर)। राजवीर दीक्षित
(Major accident averted in Himachal! Debris from the hillside fell onto a moving bus; passengers screamed in panic)हिमाचल प्रदेश के सुजानपुर में वीरवार सुबह बड़ा हादसा होते-होते टल गया। सुजानपुर-ब्यास पुल के पास करीब 7:30 बजे पालमपुर जा रही निजी बस के ऊपर अचानक पहाड़ी से भारी मलबा और बड़ा ल्हासा आ गिरा। मलबे की चपेट में आने से बस के शीशे टूट गए और एक हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे में चालक को चोटें आई हैं, जबकि परिचालक सुरक्षित है। राहत की बात यह रही कि बस में उस समय कोई यात्री सवार नहीं था।
अचानक पहाड़ी से गिरा ल्हासा, बस पर मलबा गिरने से मची भगदड़
पुलिस के मुताबिक बस सुजानपुर से पालमपुर की तरफ जा रही थी। सुजानपुर-ब्यास नदी पुल के पास पहुंचते ही अचानक पहाड़ी से भारी भरकम ल्हासा टूटकर बस के ऊपर आ गिरा। मलबा गिरते ही यात्रियों और आसपास मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई। हादसे के बाद कुछ समय के लिए सड़क पर वाहनों की आवाजाही भी थम गई। मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई और स्थिति को संभालने के लिए पुलिस भी पहुंची।
बार-बार बन रहा हादसों का खतरा
स्थानीय लोगों का कहना है कि सुजानपुर-ब्यास नदी पुल के आसपास पहाड़ी से पत्थर और मलबा गिरने की घटनाएं नई नहीं हैं। इससे पहले भी चलती बसों और अन्य वाहनों पर पत्थर गिर चुके हैं, जिसमें यात्रियों के घायल होने की घटनाएं सामने आई हैं। बरसात के मौसम में खतरा और बढ़ जाता है। अचानक ल्हासा गिरने से सड़क पर यातायात बाधित होना आम बात हो गई है। लोगों ने प्रशासन से संवेदनशील हिस्सों की सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है।
बारिश नहीं फिर भी पहाड़ दरका, बाल-बाल टला बड़ा खतरा
सुबह-सुबह पहाड़ी से अचानक ल्हासा गिरने से मार्ग पर आवाजाही कर रहे लोगों में हड़कंप मच गया। खास बात यह रही कि घटना के समय बारिश भी नहीं हो रही थी। इससे स्थानीय लोगों के बीच पहाड़ी की स्थिरता को लेकर चिंता बढ़ गई है। लोगों का कहना है कि अगर बड़े आकार का मलबा सड़क पर गिरा तो वाहनों और यात्रियों की जान खतरे में पड़ सकती है। ग्रामीणों ने प्रशासन से संवेदनशील पहाड़ी की जांच करवाने और संभावित खतरे वाले हिस्से को चिन्हित कर सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है। थाना प्रभारी प्रकाश ठाकुर के अनुसार घटना वीरवार सुबह करीब 7:30 बजे की है।



















