मोहाली। राजवीर दीक्षित
(Property dealer kidnapped at gunpoint; wife rescues him!) मोहाली के जीरकपुर में दिनदहाड़े एक प्रॉपर्टी कारोबारी को कथित तौर पर गनपॉइंट पर अगवा कर बंधक बनाने का मामला सामने आया है। आरोप है कि बाइक से मर्सिडीज का रास्ता रोकने के बाद बदमाशों ने कारोबारी से मारपीट की और उसे जबरन इनोवा में बैठाकर भबात के एक शोरूम में ले गए।
कारोबारी ने किसी तरह अपनी पत्नी को फोन कर घटना की जानकारी दी। इसके बाद पत्नी मौके पर पहुंचीं और उसे आरोपियों के चंगुल से छुड़ाया। मामले में पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है, जबकि अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।
बाइक अड़ाकर रोकी मर्सिडीज
पुलिस के मुताबिक, पंचकूला सेक्टर-12 निवासी 55 वर्षीय प्रॉपर्टी कारोबारी अजय खरबंदा 11 सितंबर को अपनी मर्सिडीज से रॉयल एस्टेट, जीरकपुर पहुंचे थे। शाम करीब 4:45 बजे एडवामेड अस्पताल के पास एक बाइक सवार ने उनकी कार के आगे बाइक लगा दी।
आरोप है कि इसके बाद पीछे से तीन गाड़ियां और पहुंचीं। इनमें सवार लोगों ने कारोबारी के साथ मारपीट की और जबरन उसे इनोवा में बैठा लिया।
शोरूम में बनाया बंधक
आरोपियों ने सिंहपुरा चौक से यू-टर्न लिया और कारोबारी को भबात स्थित एक शोरूम में ले गए। यहां उसे बंधक बनाकर रखा गया। इसी दौरान कारोबारी ने पत्नी को फोन कर मदद मांगी।
सूचना मिलते ही पत्नी मौके पर पहुंचीं और कारोबारी को वहां से छुड़ाकर ले आईं। पुलिस भी घटनास्थल पर पहुंची।
प्रॉपर्टी विवाद में वारदात का शक
पुलिस जांच में सामने आया है कि कारोबारी का आरोपियों के साथ प्रॉपर्टी को लेकर विवाद चल रहा था। इसी विवाद को वारदात की वजह माना जा रहा है। हालांकि, पूरे मामले की जांच जारी है।
एक आरोपी गिरफ्तार, वाहन बरामद
पुलिस ने मामले में विशू कुमार को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से इनोवा और काले रंग की महिंद्रा थार बरामद करने की बात कही है। मामले में सात अज्ञात लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।
जीरकपुर थाने में BNS की विभिन्न धाराओं और आर्म्स एक्ट के तहत केस दर्ज किया गया है। गिरफ्तार आरोपी को अदालत में पेश कर पुलिस रिमांड पर लिया गया है।


















