नाहन । राजवीर दीक्षित
(JCB runs over motorcyclist; chaos erupts on the highway following the youth’s death) सिरमौर के क्यारदा से सामने आई ये खबर बेहद दर्दनाक है। पांवटा साहिब-कालाअंब नेशनल हाईवे-07 पर ख्वाजा शोरूम के सामने एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ।
बैक हो रही लोडर मशीन यानी JCB की टक्कर बाइक सवार 26 वर्षीय सौरभ से हो गई। हादसा इतना गंभीर था कि सौरभ की जान चली गई।युवक की मौत की खबर जैसे ही स्थानीय लोगों तक पहुंची, लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। बड़ी संख्या में लोग हाईवे पर जमा हो गए और सड़क पर जाम लगा दिया।
पुलिस प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी हुई और लोगों ने हादसे के जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई की मांग उठाई।
हादसे ने एक बार फिर हाईवे पर भारी मशीनों की आवाजाही और बैक करते समय बरती जाने वाली सावधानी पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
हादसे ने छीनी युवक की जिंदगी, इलाज के लिए ले जाते समय मौत
एक सड़क हादसे में बाइक सवार युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। जानकारी के मुताबिक तेज रफ्तार जेसीबी मशीनरी ने युवक की बाइक को टक्कर मार दी। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। घायल युवक को तत्काल सिविल अस्पताल पांवटा साहिब पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उसे हायर सेंटर रेफर कर दिया, लेकिन रास्ते में ही उसकी हालत बिगड़ गई और युवक की मौत हो गई। हादसे की खबर मिलते ही परिजनों में मातम पसर गया।
पुलिस के आश्वासन पर खुला जाम
हादसे के बाद मशीन ऑपरेटर के मौके से फरार होने के चलते स्थिति तनावपूर्ण हो गई। गुस्साए स्थानीय लोगों ने सड़क पर जाम लगाकर कार्रवाई की मांग उठाई। काफी संख्या में लोग मौके पर जमा हो गए। सूचना मिलते ही माजरा पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और लोगों को समझाया। पुलिस ने मामले में नियमानुसार कार्रवाई का भरोसा दिलाया, जिसके बाद लोगों ने जाम खोल दिया। इसके बाद सड़क पर यातायात सुचारु हो सका।
हादसे के बाद एक्शन में पुलिस, मशीन जब्त
युवक की मौत के बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए नरेश चौधरी की मशीन को अपने कब्जे में ले लिया। पुलिस ने मामला दर्ज कर हादसे से जुड़े सभी पहलुओं की जांच शुरू कर दी है। घटनास्थल और मशीनरी से जुड़े तथ्यों को खंगाला जा रहा है, ताकि हादसे की असली वजह सामने आ सके।
एसपी सिरमौर निश्चित सिंह नेगी ने हादसे में युवक की मौत की पुष्टि की है।



















