झज्जर। राजवीर दीक्षित
(Wife shoots husband twice; he goes to the police station himself) हरियाणा के झज्जर में पूजा करने को लेकर शुरू हुआ विवाद फायरिंग तक पहुंच गया। आरोप है कि एक महिला ने अपने पति पर उसकी ही लाइसेंसी पिस्टल से दो गोलियां चला दीं। एक गोली पैर में और दूसरी पेट में लगी। हैरानी की बात यह रही कि गंभीर रूप से घायल होने के बावजूद पीड़ित खुद बाइक चलाकर सेक्टर-6 थाने पहुंच गया।
पुलिस के अनुसार, घायल व्यक्ति की पहचान सांखोल गांव निवासी जोगेंद्र के रूप में हुई है। जोगेंद्र का आरोप है कि उसकी पत्नी उसे बाबा श्याम की पूजा करने से रोक रही थी। इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हुआ और मामला हिंसक हो गया।
छत से शुरू हुआ विवाद, पूजा तक पहुंची बात
जोगेंद्र ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि बुधवार सुबह करीब 11 बजे वह घर की छत पर गया था। आरोप है कि पत्नी ने छत का दरवाजा बंद कर दिया। किसी तरह नीचे आने के बाद जोगेंद्र कमरे में बाबा श्याम की पूजा करने लगा।
इसी दौरान पत्नी ने कथित तौर पर उसे पूजा करने से मना किया। दोनों के बीच कहासुनी बढ़ गई और विवाद ने गंभीर रूप ले लिया।
लॉकर तोड़कर निकाली लाइसेंसी पिस्टल
जोगेंद्र के मुताबिक, विवाद के दौरान उसकी पत्नी और बेटे ने अलमारी का लॉकर तोड़कर उसमें रखी लाइसेंसी पिस्टल निकाल ली।
इसके बाद जोगेंद्र मोबाइल लेने पड़ोसी के घर गया, जहां फोन चार्जिंग पर लगा था। आरोप है कि वापस लौटते ही पत्नी ने उस पर फायरिंग कर दी। पहली गोली उसके बाएं पैर में घुटने से ऊपर लगी।
दूसरी गोली पेट में लगी
जोगेंद्र का कहना है कि पहली गोली लगने के बाद वह वहां से भाग निकला और घर के बाहर से कुंडी लगा दी। इसके बाद वह दूसरी जगह खड़ी अपनी बाइक लेने गया।
जब वह बाइक लेकर दोबारा घर पहुंचा तो आरोप है कि पत्नी ने उस पर फिर गोली चला दी। इस बार गोली उसके पेट में जा लगी।
खून से लथपथ हालत में खुद पहुंचा थाना
दो गोलियां लगने के बावजूद जोगेंद्र ने हिम्मत नहीं छोड़ी। वह बाइक लेकर सीधे सेक्टर-6 थाने पहुंच गया। पुलिस ने उसे घायल हालत में देखा और तुरंत अस्पताल पहुंचाया।
पहले उसे सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां से गंभीर स्थिति को देखते हुए ब्रह्मशक्ति अस्पताल रेफर किया गया।
डॉक्टर बोले- पैर की गोली आर-पार
डॉक्टर पीयूष के मुताबिक, जोगेंद्र के पैर में लगी गोली आर-पार हो चुकी है, जबकि दूसरी गोली पेट में फंसी है। पेट में लगी गोली निकालने के लिए ऑपरेशन किया जा रहा है और डॉक्टरों की टीम उसकी निगरानी कर रही है।
पत्नी-बेटे समेत 5 पर FIR
जोगेंद्र ने पत्नी, बेटे और ससुराल पक्ष के तीन अन्य लोगों पर फायरिंग के लिए उकसाने का आरोप लगाया है। शिकायत के आधार पर थाना सेक्टर-5 पुलिस ने पांच लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया है।
पुलिस ने पत्नी और बेटे को गिरफ्तार कर लिया है। उनके कब्जे से लाइसेंसी पिस्टल और 28 कारतूस बरामद किए गए हैं। मामले की जांच जारी है।



















