Home Una News पीरनिगाह में खैर की लकड़ी से लदी पिकअप पकड़ी, तस्कर फरार

पीरनिगाह में खैर की लकड़ी से लदी पिकअप पकड़ी, तस्कर फरार

ऊना। राजवीर दीक्षित 

(Pickup truck loaded with Khair wood seized in Pirnigah; smuggler escapes) वन संपदा की तस्करी और अवैध कटान के खिलाफ कार्रवाई करते हुए ऊना वन विभाग की टीम ने देर रात पीरनिगाह क्षेत्र में खैर की लकड़ी से लदी एक महिंद्रा पिकअप को पकड़ने में सफलता हासिल की। हालांकि, पिकअप चालक अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गया। वाहन से खैर की लकड़ी के 45 मोछे बरामद किए गए हैं।

वन विभाग के अनुसार, 26 सितंबर की रात करीब 12:40 बजे टीम पीरनिगाह क्षेत्र में गश्त पर थी। इसी दौरान ऊना की ओर आ रही तिरपाल से ढकी सफेद रंग की महिंद्रा पिकअप को जांच के लिए रुकने का इशारा किया गया। चालक ने वाहन रोकने के बजाय तेज रफ्तार से भगा लिया। वन विभाग की टीम ने वाहन का पीछा शुरू कर दिया।

पीछा करते समय तस्करों के साथियों ने भूरे रंग की बोलेरो कैंपर से वन विभाग की टीम का रास्ता रोकने और उन्हें भटकाने का प्रयास किया। इसके बावजूद टीम ने पीछा जारी रखा। यह कार्रवाई बसोली से होते हुए चताड़ा तक चली।

चताड़ा पहुंचने पर पिकअप चालक ने वाहन नंबर HP 53 B 4440 को आबादी वाले क्षेत्र से दूर खड़ा कर दिया और अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया। वहीं, पीछा कर रही दूसरी बोलेरो कैंपर भी मौके से भागने में सफल रही। वन विभाग की टीम ने पिकअप की तलाशी ली तो उसमें अवैध रूप से काटे गए खैर के 45 मोछे बरामद हुए।

मामले में वन परिक्षेत्र अधिकारी, ऊना वन परिक्षेत्र की ओर से पुलिस थाना सदर ऊना को लिखित शिकायत सौंपी गई है। वन विभाग ने पुलिस से भारतीय वन अधिनियम, 1927 की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर आरोपियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने का आग्रह किया है।

वन विभाग ने कहा है कि वन संपदा को नुकसान पहुंचाने और अवैध कटान में संलिप्त लोगों के खिलाफ कार्रवाई जारी रहेगी तथा जिले में रात्रि गश्त और निगरानी को और प्रभावी बनाया जाएगा।

Translate »
error: Content is protected !!