Home Himachal Pradesh हिमाचल कैबिनेट विस्तार पर बड़ा सस्पेंस! रजनी पाटिल ने साफ की तस्वीर,...

हिमाचल कैबिनेट विस्तार पर बड़ा सस्पेंस! रजनी पाटिल ने साफ की तस्वीर, मंत्री नेगी को दो टूक चेतावनी

शिमला । राजवीर दीक्षित

(Major suspense over Himachal Cabinet expansion! Rajni Patil clarifies the situation; issues a stern warning to Minister Negi) हिमाचल प्रदेश में मंत्रिमंडल विस्तार को लेकर लगातार लगाए जा रहे कयासों के बीच कांग्रेस प्रभारी रजनी पाटिल का बड़ा बयान सामने आया है। शिमला के कांग्रेस मुख्यालय राजीव भवन में दो दिनों तक लगातार बैठकों का दौर चला। माना जा रहा था कि इन बैठकों के बाद मंत्रिमंडल विस्तार को लेकर कोई बड़ा फैसला सामने आ सकता है, लेकिन रजनी पाटिल ने साफ कर दिया कि मुख्यमंत्री की तरफ से अभी तक कोई प्रस्ताव उन्हें नहीं मिला है।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री की ओर से प्रस्ताव आने के बाद ही इस मामले में आगे की प्रक्रिया शुरू होगी।
वहीं पाटिल ने संगठन में चल रही खींचतान पर भी खुलकर बात की और आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों को लेकर पार्टी की रणनीति पर चर्चा की। चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली को लेकर भी कांग्रेस प्रभारी ने बेबाक राय रखी। ऐसे में दो दिन की बैठकों के बाद भी कैबिनेट विस्तार का इंतजार बरकरार है और अब नजर मुख्यमंत्री के अगले कदम पर है।

संगठन की गुटबाजी पर पाटिल का बड़ा एक्शन अलर्ट! नेगी को भी दी दो टूक नसीहत

पार्टी संगठन के भीतर चल रही खींचतान अब प्रभारी के रडार पर आ गई है। बैठकों में जिला अध्यक्षों की शिकायतों ने संगठन की अंदरूनी स्थिति पर सवाल खड़े कर दिए हैं। करीब 90 प्रतिशत जिला अध्यक्षों ने ब्लॉक अध्यक्षों पर उनकी बात नहीं सुनने की शिकायत की।
प्रभारी पाटिल ने इसे गंभीर मामला मानते हुए साफ कर दिया कि संगठन में अनुशासनहीनता किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं होगी। वहीं, संगठन सृजन अभियान को लेकर लगातार हो रही बयानबाजी पर कैबिनेट मंत्री जगत सिंह नेगी को भी सार्वजनिक तौर पर नसीहत दी गई।
पाटिल ने कहा कि नेगी को इस तरह की बयानबाजी से बचना चाहिए। भविष्य में अनुशासनहीनता सामने आने पर पार्टी सख्त कदम उठा सकती है। हालांकि उन्होंने यह भी कहा कि परिवार में थोड़ी-बहुत खींचतान स्वाभाविक है, लेकिन सरकार और संगठन के बीच कोई टकराव नहीं है।

कांग्रेस ने शुरू की 2027 चुनाव की तैयारी, पेपर लीक और युवा मुद्दों पर रहेगा फोकस

कांग्रेस ने हिमाचल प्रदेश में 2027 विधानसभा चुनावों को लेकर तैयारियां शुरू कर दी हैं। कांग्रेस नेता रजनी पाटिल ने कहा कि पार्टी जल्द नई रणनीति के साथ जनता के बीच जाएगी। उन्होंने पेपर लीक को युवाओं से जुड़ा अहम मुद्दा बताते हुए दावा किया कि इससे प्रभावित होकर 70 से 80 युवाओं ने आत्महत्या जैसा कदम उठाया। कांग्रेस इस विषय को आगामी चुनावी अभियान में प्रमुखता से उठाने की बात कह रही है।
पाटिल ने राहुल गांधी के ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम की सराहना करते हुए हिमाचल में भी युवाओं के लिए इसी तरह के कार्यक्रम आयोजित करने की आवश्यकता जताई। उन्होंने लंबित कमेटियों में जल्द नियुक्तियां किए जाने की भी बात कही।

ईवीएम पर कांग्रेस का बड़ा ऐलान? रजनी पाटिल ने चुनाव आयोग को घेरा

चुनाव आयोग को लेकर कांग्रेस नेता रजनी पाटिल के बयान से सियासी हलचल तेज हो गई है। प्रेस वार्ता के दौरान पाटिल ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को लेकर बेहद गंभीर और विवादित आरोप लगाए।

उन्होंने चुनाव आयोग की निष्पक्षता पर सवाल उठाते हुए ईवीएम के इस्तेमाल को लेकर भी आपत्ति जताई। पाटिल के मुताबिक कांग्रेस आने वाले समय में ईवीएम से चुनाव न कराने की मांग को प्रमुखता से उठाएगी। इतना ही नहीं, उन्होंने भाजपा और चुनाव आयोग के बीच कथित मिलीभगत का आरोप भी लगाया।
अब सवाल यह है कि ईवीएम और चुनाव आयोग को लेकर कांग्रेस का यह रुख आगे किस बड़े राजनीतिक टकराव को जन्म देगा?

सोमवार को ‘वोट चोरी’ के खिलाफ हिमाचल में कांग्रेस का हल्लाबोल, सभी जिलों में होगा प्रदर्शन

कांग्रेस ने चुनाव प्रक्रिया में कथित धांधली और ‘वोट चोरी’ के मुद्दे को लेकर हिमाचल प्रदेश में बड़ा आंदोलन करने का ऐलान किया है। आगामी सोमवार को प्रदेश के सभी जिला मुख्यालयों पर कांग्रेस की ओर से बड़े स्तर पर रोष प्रदर्शन किया जाएगा। पाटिल ने हालिया चुनावों का हवाला देते हुए चुनावी प्रक्रिया को लेकर कई बड़े दावे किए। उन्होंने कहा कि हरियाणा चुनाव में उम्मीद के विपरीत नतीजे सामने आए, क्योंकि उनके दावे के मुताबिक वहां 13 करोड़ लोगों के वोट काट दिए गए। वहीं, महाराष्ट्र चुनाव का उदाहरण देते हुए पाटिल ने आरोप लगाया कि वहां सिर्फ वोट ही नहीं, बल्कि एनसीपी जैसी पूरी पार्टी ही चुरा ली गई। कांग्रेस का कहना है कि चुनाव प्रक्रिया में कथित गड़बड़ी के खिलाफ जनता की आवाज उठाना जरूरी है। इसी मुद्दे को लेकर सोमवार को हिमाचल के सभी जिला मुख्यालयों पर कांग्रेस कार्यकर्ता सड़कों पर उतरकर विरोध जताएंगे।

Translate »
error: Content is protected !!