Home Hospital अस्पताल से शव लेकर भागा दोस्त, बोला- ‘मेरा दोस्त जिंदा है!’

अस्पताल से शव लेकर भागा दोस्त, बोला- ‘मेरा दोस्त जिंदा है!’

करनाल। राजवीर दीक्षित 

(Friend fled the hospital with the body, saying, “My friend is alive!”) हरियाणा के करनाल जिले के घरौंडा में एक सड़क हादसे के बाद अस्पताल में ऐसा घटनाक्रम हुआ, जिसने वहां मौजूद लोगों को हैरान कर दिया। हाईवे की सर्विस रोड पर रोडवेज बस और बाइक की टक्कर में 18 वर्षीय युवक की मौत हो गई। डॉक्टरों ने जब उसके दोस्त को मौत की जानकारी दी तो उसने मानने से इनकार कर दिया और घायल हालत में ही शव को स्ट्रेचर पर लेकर अस्पताल से बाहर निकल गया।

रोडवेज बस से बाइक की टक्कर, एक की मौत

हादसा सोमवार दोपहर करीब डेढ़ बजे हुआ। कोहंड गांव निवासी रोहित (18) अपने दोस्त कर्ण के साथ बाइक पर घरौंडा आया था। दोनों वापस गांव लौट रहे थे। इसी दौरान हाईवे की सर्विस रोड पर उनकी बाइक की टक्कर पंचकूला डिपो की हरियाणा रोडवेज बस से हो गई।

टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक सवार दोनों युवक घायल हो गए। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों को सरकारी अस्पताल ले गई।

डॉक्टर ने मृत घोषित किया तो दोस्त भड़का

अस्पताल में डॉक्टरों ने जांच के बाद रोहित को मृत घोषित कर दिया, जबकि कर्ण का इलाज चल रहा था। रोहित की मौत की खबर सुनते ही कर्ण ने इसे मानने से इनकार कर दिया।

उसने कहा कि रोहित जिंदा है और वह उसे किसी दूसरे डॉक्टर को दिखाएगा। इसके बाद उसने अस्पताल में हंगामा शुरू कर दिया।

स्ट्रेचर समेत शव लेकर सड़क की ओर भागा

इसके बाद घायल कर्ण ने स्ट्रेचर पर रखे रोहित के शव को उठाया और अस्पताल से बाहर निकल गया। वह शव को लेकर सड़क की तरफ भागने लगा। यह देखकर आसपास मौजूद लोगों ने उसे रोकने की कोशिश की।

लोगों ने काफी मशक्कत के बाद कर्ण को पकड़ा और शव को वापस अस्पताल पहुंचाया। घटना के बाद अस्पताल परिसर में काफी देर तक अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।

पुलिस ने शुरू की जांच

घरौंडा थाना पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। जांच अधिकारी मनजीत के अनुसार, हादसे में एक युवक की मौत हुई है, जबकि दूसरा घायल है। पुलिस हादसे के कारणों और पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है।

Translate »
error: Content is protected !!