शिमला। राजवीर दीक्षित
(HP Police’s emergency record on Diwali! 586 calls, response within 3.37 minutes) दिवाली के जश्न के बीच हिमाचल प्रदेश पुलिस के सामने आपातकालीन कॉल का बड़ा दबाव रहा। त्योहार के दिन पुलिस की इमरजेंसी सेवा 112 पर 586 कॉल दर्ज की गईं। इनमें 187 कॉल आग लगने की घटनाओं से संबंधित थीं। पुलिस के अनुसार, इतनी बड़ी संख्या में आपात स्थितियों के बावजूद औसतन महज 3 मिनट 37 सेकंड में रिस्पांस दिया गया।
पुलिस मुख्यालय के मुताबिक, प्रदेश में 112 सेवा शुरू होने के बाद एक दिन में दर्ज की गई यह अब तक की सबसे अधिक इमरजेंसी कॉल हैं। पटाखों और आतिशबाजी के कारण आग लगने की घटनाओं के अलावा अन्य आपात स्थितियों की सूचनाएं भी पुलिस को मिलीं।
कॉल से लेकर मौके तक रही निगरानी
आपात स्थितियों से निपटने के लिए ERSS-112 के कॉल टेकर, डिस्पैचर, सुपरवाइजर और फील्ड में तैनात पुलिस टीमें लगातार सक्रिय रहीं। कॉल प्राप्त होने से लेकर मौके पर सहायता पहुंचाने तक की प्रक्रिया की रियल टाइम निगरानी की गई।
DGP ने टीम को दी बधाई
पुलिस महानिदेशक अशोक तिवारी ने रिकॉर्ड संख्या में कॉल संभालने और कम समय में सहायता उपलब्ध कराने के लिए ERSS-112 की पूरी टीम की सराहना की। उन्होंने कहा कि जब प्रदेश के लोग दिवाली मना रहे थे, तब पुलिस और आपातकालीन सेवा के कर्मचारी ड्यूटी पर रहकर लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित कर रहे थे।
DGP ने कहा कि एक ही दिन में 586 आपात स्थितियों को संभालना और औसतन 3 मिनट 37 सेकंड में रिस्पांस देना टीम की तत्परता और बेहतर तालमेल को दर्शाता है।
24 घंटे उपलब्ध है 112 सेवा
अशोक तिवारी ने बताया कि आपातकालीन सेवा को और प्रभावी बनाने के लिए निगरानी, जवाबदेही और तकनीक के इस्तेमाल पर लगातार काम किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि किसी भी इमरजेंसी सेवा की सफलता केवल कॉल की संख्या से नहीं, बल्कि जरूरत के समय कितनी तेजी और प्रभावी ढंग से मदद पहुंचाई गई, इससे तय होती है।
पुलिस के अनुसार, ERSS-112 सेवा प्रदेश में साल के 365 दिन और 24 घंटे उपलब्ध रहती है।












