ऊना । राजवीर दीक्षित
पंजाब में बंद के ऐलान के बाद हिमाचल से पंजाब जाने वाली बस सेवाओं पर भी असर पड़ा। यात्रियों की सुरक्षा को देखते हुए एचआरटीसी ने दोपहर 2 बजे तक पंजाब की तरफ जाने वाली बसों का संचालन रोक दिया। बस सेवाएं थमने से जिला मुख्यालय स्थित आईएसबीटी में यात्रियों की भीड़ बढ़ गई। दिल्ली, चंडीगढ़, नालागढ़ और हरियाणा के अलग-अलग इलाकों की ओर रवाना होने वाले यात्री काफी देर तक बसों के इंतजार में बैठे रहे, जिससे उन्हें भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।
पंजाब में बंदी सिंहों की रिहाई की मांग को लेकर शुक्रवार को बुलाए गए बंद का असर हिमाचल में भी नजर आया। एहतियातन हिमाचल पथ परिवहन निगम (एचआरटीसी) ने पंजाब की ओर जाने वाली बस सेवाओं को दोपहर 2 बजे तक स्थगित रखा। बसों के पहिए थमने से जिला मुख्यालय के आईएसबीटी में यात्रियों की मुश्किलें बढ़ गईं। दिल्ली, चंडीगढ़, नालागढ़ और हरियाणा के अलग-अलग इलाकों की ओर जाने वाले यात्री घंटों बसों के इंतजार में बैठे रहे। बस सेवा कब बहाल होगी, इसे लेकर स्पष्ट जानकारी नहीं मिलने से यात्रियों में असमंजस की स्थिति बनी रही। पंजाब बंद की समयसीमा दोपहर 2 बजे तक निर्धारित होने के कारण एचआरटीसी की बस सेवाएं प्रभावित रहीं और यात्रियों को संचालन शुरू होने का इंतजार करना पड़ा।
पंजाब बंद का असर हिमाचल से पंजाब और हरियाणा की ओर जाने वाले यात्रियों की आवाजाही पर साफ दिखाई दिया। बस सेवाएं प्रभावित होने के चलते आईएसबीटी में यात्रियों को घंटों इंतजार करना पड़ा। परिवार के साथ हरियाणा के पिंजौर जाने वाली महिला यात्री पूनम शर्मा ने बताया कि वह करीब चार घंटे से बस का इंतजार कर रही हैं। उनका कहना था कि दोपहर दो बजे के बाद बसें चलेंगी या नहीं, इसे लेकर भी यात्रियों को स्पष्ट जानकारी नहीं मिल पा रही है।
इसी तरह नालागढ़ जाने वाले कांगड़ा निवासी सुनील कुमार और अरुण कुमार भी काफी समय तक आईएसबीटी में बस का इंतजार करते रहे। उन्होंने बताया कि अपने गंतव्य तक पहुंचने के लिए उन्हें कोई बस नहीं मिल सकी। यात्रियों का कहना है कि बंद के कारण उनकी यात्रा पूरी तरह प्रभावित हुई है और उन्हें अतिरिक्त परेशानी के साथ-साथ समय की भी बर्बादी झेलनी पड़ रही है।
वहीं, एचआरटीसी के अड्डा इंचार्ज संदीप राणा ने बताया कि पंजाब में बंद को देखते हुए निगम ने दोपहर दो बजे तक बस सेवाओं को प्रदेश से बाहर न भेजने का निर्णय लिया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि दोपहर दो बजे के बाद भी पंजाब के हालात का जायजा लेने के बाद ही बसों को रवाना किया जाएगा। बंद की स्थिति को देखते हुए एचआरटीसी के कई रूट फिलहाल स्थगित किए गए हैं। यात्रियों को बस सेवा बहाल होने के संबंध में परिस्थितियों के अनुसार ही जानकारी दी जाएगी।



















