चंडीगढ़। राजवीर दीक्षित
(“Punjab BJP May Soon Change Its State President”) पंजाब की राजनीति में इन दिनों बड़ा बदलाव देखने को मिल सकता है। भारतीय जनता पार्टी जल्द ही पंजाब में नए प्रदेश अध्यक्ष के नाम का ऐलान कर सकती है। सबसे ज्यादा चर्चा पूर्व विधायक केवल सिंह ढिल्लों के नाम की हो रही है। पार्टी सूत्रों के मुताबिक बीजेपी हाईकमान इस बार किसी बड़े सिख चेहरे को जिम्मेदारी सौंपकर पंजाब में नया राजनीतिक संदेश देना चाहता है।
बताया जा रहा है कि मौजूदा प्रधान सुनील जाखड़ 2027 विधानसभा चुनावों की तैयारी में अहम भूमिका निभाते रहेंगे, लेकिन संगठन की कमान नए चेहरे को दी जा सकती है। इसी बीच केंद्रीय मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू और नेता मनजीत राय के नाम भी चर्चा में हैं। हालांकि पार्टी के अंदर केवल सिंह ढिल्लों का पलड़ा भारी माना जा रहा है।
सूत्रों के अनुसार बीजेपी के राष्ट्रीय महासचिव तरुण चुघ और कई वरिष्ठ नेता लंबे समय से पंजाब में सिख नेतृत्व को आगे लाने की रणनीति पर काम कर रहे हैं। हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी सहित कई बड़े नेताओं का समर्थन भी इस दिशा में माना जा रहा है।
केवल सिंह ढिल्लों का राजनीतिक अनुभव दो दशकों से ज्यादा पुराना है। वे बरनाला से दो बार विधायक रह चुके हैं और कांग्रेस छोड़कर 2022 में बीजेपी में शामिल हुए थे। बीजेपी ने उन्हें संगरूर लोकसभा उपचुनाव में उम्मीदवार भी बनाया था। फिलहाल वे पंजाब बीजेपी की कोर कमेटी के वरिष्ठ सदस्यों में शामिल हैं।
राजनीतिक जानकारों का मानना है कि अगर बीजेपी पंजाब में सिख चेहरे को प्रदेश अध्यक्ष बनाती है तो यह 2027 चुनावों से पहले बड़ा रणनीतिक फैसला साबित हो सकता है। अब सबकी नजर बीजेपी हाईकमान के अंतिम फैसले पर टिकी हुई है।



















