चंडीगढ़। राजवीर दीक्षित
(“Youth Body Recovered From Una Lake”) हिमाचल प्रदेश के ऊना जिले से एक दर्दनाक और सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां गोविंद सागर झील से एक युवक का शव बरामद होने के बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। जानकारी के मुताबिक, झील के किनारे स्थित बाबा गरीबनाथ मंदिर के पास एक लावारिस बाइक खड़ी मिली थी, जिसके बाद स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी। शक जताया गया कि बाइक सवार युवक झील में डूब गया है। सूचना मिलते ही बंगाणा पुलिस और स्थानीय प्रशासन मौके पर पहुंचा और रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया। काफी मशक्कत के बाद युवक का शव झील से बाहर निकाला गया।
मृतक की पहचान सरकाघाट क्षेत्र के रहने वाले 32 वर्षीय गगनदीप पुत्र रोशन लाल के रूप में हुई है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए क्षेत्रीय अस्पताल ऊना भेज दिया है। शुरुआती जांच में यह मामला डूबने का बताया जा रहा है, लेकिन युवक झील में कैसे पहुंचा और हादसा किन परिस्थितियों में हुआ, इसे लेकर अभी तक कोई स्पष्ट जानकारी सामने नहीं आई है।
घटना की खबर मिलते ही परिजन भी मौके पर पहुंच गए, जिनका रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस ने बताया कि युवक की बाइक मंदिर के पास खड़ी मिली थी, जिससे अंदेशा लगाया गया कि वह झील की तरफ गया होगा। फिलहाल पुलिस हर एंगल से मामले की जांच कर रही है और आसपास के लोगों से पूछताछ भी की जा रही है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि गोविंद सागर झील में पहले भी कई हादसे हो चुके हैं, लेकिन इसके बावजूद सुरक्षा इंतजाम पर्याप्त नहीं हैं। इस घटना के बाद इलाके में शोक का माहौल है और लोग प्रशासन से झील किनारे सुरक्षा बढ़ाने की मांग कर रहे हैं।



















