Home Chandigarh रूपनगर में रोडवेज कर्मियों का बड़ा प्रदर्शन

रूपनगर में रोडवेज कर्मियों का बड़ा प्रदर्शन

रूपनगर । राजवीर दीक्षित

(“Roadways Workers Protest”) पंजाब रोडवेज, पनबस और पीआरटीसी (PRTC) के कर्मचारियों का गुस्सा अब खुलकर सड़कों पर दिखाई देने लगा है। रूपनगर (रोपड़) में रोडवेज कर्मचारियों ने सरकार की नीतियों के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन करते हुए ‘डाउन कैडर पॉलिसी’ की प्रतियां जलाकर अपना विरोध दर्ज कराया। कर्मचारियों ने रोडवेज डिपो के बाहर विशाल गेट रैली आयोजित की, जहां सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की गई।

प्रदर्शन कर रहे कर्मचारियों का आरोप है कि पंजाब सरकार बिना कर्मचारियों की राय लिए जबरन नई नीतियां थोप रही है, जिससे रोडवेज विभाग और कर्मचारियों दोनों को नुकसान होगा। यूनियन नेताओं ने साफ कहा कि ‘डाउन कैडर पॉलिसी’ और ‘किलोमीटर स्कीम’ को किसी भी कीमत पर स्वीकार नहीं किया जाएगा। उनका कहना है कि ये नीतियां सरकारी ट्रांसपोर्ट सिस्टम को कमजोर करने की कोशिश हैं।

कर्मचारियों ने मांग रखी कि विभाग के बेड़े में कम से कम 10 हजार नई सरकारी बसें शामिल की जाएं ताकि जनता को बेहतर सुविधा मिल सके। इसके साथ ही सभी कच्चे कर्मचारियों को बिना शर्त पक्का करने और “समान काम-समान वेतन” लागू करने की मांग भी जोर-शोर से उठाई गई।

यूनियन नेताओं ने चेतावनी दी है कि अगर सरकार ने जल्द उनकी मांगों पर विचार नहीं किया तो 18 तारीख को राज्य स्तर पर एक दिवसीय हड़ताल की जाएगी। इतना ही नहीं, यदि इसके बाद भी समाधान नहीं निकला तो आंदोलन को अनिश्चितकालीन हड़ताल में बदला जा सकता है।

प्रदर्शन के दौरान कर्मचारियों ने पिछले साल हुए आंदोलन में गिरफ्तार साथियों की रिहाई की मांग भी उठाई। नेताओं का आरोप है कि कई कर्मचारियों पर झूठे मामले दर्ज किए गए और वे पिछले कई महीनों से जेल में बंद हैं। कर्मचारियों का कहना है कि जब तक उनकी मांगें पूरी नहीं होतीं, तब तक संघर्ष जारी रहेगा। इस प्रदर्शन के बाद पंजाब की राजनीति और परिवहन विभाग में हलचल तेज हो गई है।

Translate »
error: Content is protected !!