Home Chandigarh 220 फीट गहरे बोरवेल में गिरा 4 साल का मासूम, रेस्क्यू के...

220 फीट गहरे बोरवेल में गिरा 4 साल का मासूम, रेस्क्यू के लिए सेना-NDRF जुटी

द टारगेट न्यूज डेस्क।

(“Ambala Borewell Rescue”) हरियाणा के अंबाला जिले से दिल दहला देने वाली खबर सामने आई है। मंगलवार सुबह करीब 7 बजे अंबाला के धनौड़ा गांव में 4 साल का मासूम निर्भय खेलते-खेलते करीब 220 फीट गहरे खुले बोरवेल में गिर गया। घटना के बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया और परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है।

जानकारी के अनुसार, मासूम अपने पिता के साथ खेत में दादा को खाना देने गया था। कुछ देर बाद वह खेलते-खेलते खुले बोरवेल के पास पहुंच गया। बताया जा रहा है कि वह बोरवेल में मिट्टी डाल रहा था और अंदर से आ रही आवाज सुनने के लिए झांकने लगा। इसी दौरान गीली मिट्टी पर उसका पैर फिसल गया और वह सीधे बोरवेल में जा गिरा।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, फायर ब्रिगेड, NDRF, SDRF और सेना की टीमें मौके पर पहुंच गईं। बच्चे को सुरक्षित निकालने के लिए युद्ध स्तर पर रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया जा रहा है। रेस्क्यू टीमों ने रस्सी के सहारे कैमरे बोरवेल के अंदर उतारे, लेकिन करीब 60 फीट के बाद पानी भर जाने से बच्चे की सटीक लोकेशन पता लगाने में भारी परेशानी आ रही है।

प्रशासन ने आसपास की जगह पर खुदाई शुरू कर दी है ताकि समानांतर रास्ता बनाकर बच्चे तक पहुंचा जा सके। मौके पर भारी संख्या में ग्रामीण भी मौजूद हैं और सभी मासूम के सुरक्षित बाहर आने की दुआ कर रहे हैं।

वहीं, बेटे के बोरवेल में गिरने की खबर सुनकर पिता कई बार बेहोश हो गए, जबकि मां सदमे में है। परिवार की चीख-पुकार ने पूरे गांव को भावुक कर दिया है।

फिलहाल रेस्क्यू ऑपरेशन लगातार जारी है और हर किसी की निगाहें इस उम्मीद पर टिकी हैं कि मासूम निर्भय को जल्द से जल्द सुरक्षित बाहर निकाल लिया जाएगा। प्रशासन ने लोगों से अफवाहों से बचने और केवल आधिकारिक अपडेट पर भरोसा करने की अपील की है।

Translate »
error: Content is protected !!