Home Haryana निक्कर में पहुंचे शिकायतकर्ता, मंत्री ने लगाई फटकार!

निक्कर में पहुंचे शिकायतकर्ता, मंत्री ने लगाई फटकार!

पंचकूला। राजवीर दीक्षित 

(Complainant arrives in shorts; Minister reprimands him!) पंचकूला के PWD रेस्ट हाउस में हुई ग्रीवांस कमेटी की बैठक में उस समय माहौल गरमा गया, जब एक शिकायतकर्ता हाफ पैंट यानी निक्कर पहनकर अपनी शिकायत लेकर पहुंचा। मंत्री कृष्णलाल पंवार ने शिकायत सुनने से पहले उसके पहनावे पर नाराजगी जताई और सभ्य तरीके से बैठक में आने की बात कही।

बैठक में कुल 8 शिकायतें रखी गईं, जिन पर सुनवाई की गई।

‘जिम करने नहीं आए हो’

पिंजौर की रत्तपुर कॉलोनी निवासी चंद्रप्रकाश अपनी शिकायत लेकर निक्कर में पहुंचे थे। मंत्री ने उनसे उम्र पूछी तो उन्होंने 57 वर्ष बताई। इसके बाद मंत्री ने उनके पहनावे पर सवाल उठाया।

चंद्रप्रकाश ने बताया कि वह ड्यूटी से सीधे आए हैं और उनके कपड़े भीग गए थे, इसलिए निक्कर में आना पड़ा। इस पर मंत्री ने कहा कि यह कष्ट निवारण कमेटी की बैठक है और यहां उचित पहनावे में आना चाहिए।

SC समुदाय से जुड़े शब्द पर अफसरों को फटकार

बैठक में एक शिकायत पढ़ते समय ऐसा पुराना शब्द सामने आया, जिसे अनुसूचित जाति समुदाय के संदर्भ में इस्तेमाल किया जाता था। मंत्री ने अधिकारियों को इसे दोबारा इस्तेमाल न करने के निर्देश दिए।

उन्होंने अधिकारियों से कहा कि आगे से ‘अनुसूचित जाति’ या ‘SC’ शब्द का ही इस्तेमाल किया जाए।

100 गज के प्लॉट पर एक महीने में कार्रवाई

अलीपुर निवासी कुलदीप ने शिकायत की कि उन्हें 100-100 गज के प्लॉट मिलने थे, लेकिन जमीन अधिग्रहण के बाद उन्हें अब तक प्लॉट नहीं मिले। HSIIDC अधिकारियों ने जमीन उपलब्ध होने की बात कही, जबकि नगर निगम से भुगतान से जुड़ा मामला बताया गया।

मंत्री ने नगर निगम कमिश्नर को DC के साथ बैठक कर एक महीने के भीतर मामले पर कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

प्लॉट विवाद में नेताओं का नाम

पंचकूला निवासी सज्जन सिंह ने कालका में खरीदे गए प्लॉट को लेकर शिकायत की। उनका आरोप था कि कुछ लोगों ने JCB से उनकी DPC तोड़कर कब्जा करने की कोशिश की। शिकायत में पूर्व JJP और वर्तमान BJP से जुड़े नेता भाग सिंह दमदमा के लोगों का नाम भी लिया गया।

मंत्री ने दोनों पक्षों को कोर्ट का फैसला आने तक विवादित जमीन पर न जाने के निर्देश दिए।

रास्ते पर कब्जे की जांच के आदेश

शताब्दी एक्सप्रेस के पूर्व लोको पायलट विधिचंद की शिकायत पर भी सुनवाई हुई। मंत्री ने अधिकारियों से रिकॉर्ड की जांच कर यह पता लगाने को कहा कि संबंधित जगह पर पहले रास्ता था या नहीं। कब्जा साबित होने पर FIR दर्ज कराने के निर्देश दिए गए।

बजरंग गर्ग की शिकायत खारिज

कांग्रेस नेता बजरंग दास गर्ग की राउंडअबाउट से जुड़ी पुरानी शिकायत पर भी सुनवाई हुई। बैठक में गर्ग के मौजूद नहीं होने पर मंत्री ने कहा कि मामला करीब सात साल पुराना है और शिकायतकर्ता खुद मौजूद नहीं है। इसके बाद शिकायत को खारिज करने के निर्देश दिए गए।

बैठक में उठे मामलों पर विभागों को कार्रवाई के निर्देश दिए गए।

Translate »
error: Content is protected !!