द टारगेट न्यूज़:
ग्रेटर मोहाली एरिया डेवलपमेंट अथॉरिटी (GMADA) के पूर्व एडिशनल चीफ एडमिनिस्ट्रेटर राकेश पोपली सोमवार को दिल्ली में प्रवर्तन निदेशालय (ED) के समक्ष पेश हुए। यह पेशी जमीन से जुड़े फैसलों, मास्टर प्लान में बदलाव और निजी डेवलपर्स को अनुचित लाभ पहुंचाने के आरोपों से जुड़ी मनी लॉन्ड्रिंग जांच के सिलसिले में हुई है। इससे पहले पिछले सप्ताह एक अन्य एडिशनल चीफ एडमिनिस्ट्रेटर अमरिंदर मल्ही भी ED के सामने पेश हो चुके हैं। ED ने 22 सितंबर को दिल्ली, चंडीगढ़, पंचकूला, मोहाली और लुधियाना में 26 ठिकानों पर छापेमारी की थी। जांच एजेंसी तिरुपति इंफ्राप्रोजेक्ट्स, रेमिगेट बिल्डस्टेट्स, एमबी इंफ्राबिल्ड और मेरा बाबा रियल्टी जैसी कंपनियों के साथ GMADA के सौदों की जांच कर रही है। आरोप है कि इन कंपनियों को GMADA से जमीन आवंटन में भारी राहत दी गई, जिससे सरकारी खजाने को 100 करोड़ रुपये से अधिक का नुकसान हुआ। ED यह भी पता लगा रही है कि क्या मास्टर प्लान में बदलाव निजी डेवलपर्स को फायदा पहुंचाने के लिए किए गए थे। तिरुपति इंफ्राप्रोजेक्ट्स पहले से ही दिल्ली के राडोसन ब्लू होटल प्रोजेक्ट से जुड़े 290 करोड़ रुपये के बैंक धोखाधड़ी मामले में CBI और ED की जांच का सामना कर रही है।













