Home Chandigarh जथेदार का सरकार को निर्देश, एक महीने के भीतर बेअदबी कानून में...

जथेदार का सरकार को निर्देश, एक महीने के भीतर बेअदबी कानून में करे संशोधन

चंडीगढ़। राजवीर दीक्षित

(“Jathedar Directs Government to Amend Sacrilege Law Within One Month “) पंजाब में बेअदबी कानून को लेकर बड़ा घटनाक्रम सामने आया है। सोमवार को पंजाब सरकार के सभी सिख मंत्री और विधायक श्री अकाल तख्त साहिब के सचिवालय में पेश हुए, जहां अकाल तख्त साहिब के जत्थेदार ज्ञानी कुलदीप सिंह गड़गज्ज ने कानून से जुड़े कई अहम सवालों के जवाब मांगे। बैठक के दौरान बेअदबी कानून में शामिल आपत्तिजनक प्रावधानों और शब्दावली पर विस्तार से चर्चा की गई।

जत्थेदार ने सभी नेताओं को स्पष्ट निर्देश दिए कि यह कोई राजनीतिक मंच नहीं, बल्कि गुरु साहिब का मामला है। इसलिए किसी भी प्रकार की बयानबाजी या एक-दूसरे पर आरोप लगाने से बचा जाए और पूरी मर्यादा बनाए रखी जाए।

बैठक के दौरान कई विधायकों ने स्वीकार किया कि उन्होंने बेअदबी कानून को बिना पूरी तरह पढ़े ही उस पर हस्ताक्षर कर दिए थे। सभी पक्षों की बात सुनने के बाद जत्थेदार ने दो टूक कहा कि पंथ से जुड़े फैसले सरकार नहीं, बल्कि श्री अकाल तख्त साहिब और सिख संगत तय करेगी।

अकाल तख्त की ओर से सरकार को एक महीने के भीतर कानून में संशोधन करने का आदेश दिया गया। जत्थेदार ने कानून में पांच प्रमुख आपत्तियां भी बताईं, जिन्हें पंजाब विधानसभा के स्पीकर कुलतार सिंह संधवां को सौंप दिया गया।

जैसे ही पांच सिंह साहिबानों की मौजूदगी में यह फैसला सुनाया गया कि सभी सिख मंत्रियों और विधायकों का नैतिक दायित्व है कि वे एक महीने के भीतर विधानसभा के माध्यम से अकाल तख्त की सभी आपत्तियों को दूर करें, वहां मौजूद सभी राजनीतिक दलों के नेताओं ने एक स्वर में “बोले सो निहाल… सत श्री अकाल” के जयकारे लगाकर इस निर्णय का समर्थन किया। अब सबकी निगाहें इस बात पर हैं कि पंजाब सरकार तय समय के भीतर कानून में संशोधन करती है या नहीं।

Translate »
error: Content is protected !!