Home Himachal Pradesh हिमाचल TET की तारीखें घोषित, लेट आवेदन पर 600 रुपये की अतिरिक्त...

हिमाचल TET की तारीखें घोषित, लेट आवेदन पर 600 रुपये की अतिरिक्त फीस

धर्मशाला। राजवीर दीक्षित

(Himachal TET dates announced; additional fee of ₹600 for late applications) हिमाचल प्रदेश में शिक्षक बनने की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए अहम सूचना है। स्कूल शिक्षा बोर्ड धर्मशाला ने नवंबर में आयोजित होने वाली अध्यापक पात्रता परीक्षा (TET) का शेड्यूल जारी कर दिया है। परीक्षा के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया 11 सितंबर से शुरू हो चुकी है। इच्छुक अभ्यर्थी 3 अक्टूबर रात 11:59 बजे तक बिना किसी अतिरिक्त शुल्क के आवेदन कर सकते हैं। बोर्ड ने अभ्यर्थियों को अंतिम समय की परेशानी से बचने के लिए समय पर आवेदन करने की सलाह दी है।अभ्यर्थियों को आवेदन करते समय सभी जरूरी जानकारी सावधानीपूर्वक भरनी होगी।

बोर्ड अध्यक्ष डॉ. राजेश शर्मा ने अभ्यर्थियों से अपील की है कि वे निर्धारित समय सीमा के भीतर आवेदन प्रक्रिया पूरी कर लें। चार से आठ अक्टूबर तक आवेदन करने वाले अभ्यर्थियों को 600 रुपये विलंब शुल्क देना होगा। सामान्य वर्ग के लिए आवेदन शुल्क 1,200 रुपये निर्धारित है, जबकि ओबीसी, एससी, एसटी और दिव्यांग अभ्यर्थियों को 700 रुपये शुल्क देना होगा।अभ्यर्थियों को सलाह दी गई है कि वे आवेदन से पहले सभी नियम और शर्तें ध्यानपूर्वक पढ़ लें।

आवेदन में संशोधन का मौका सीमित, श्रेणी बदलने के लिए खुद पहुंचना होगा

बोर्ड ने आवेदन पत्र में त्रुटियों को दूर करने के लिए संशोधन विंडो खोलने का निर्णय लिया है। अभ्यर्थी 9 से 12 अक्टूबर तक ऑनलाइन आवेदन में दर्ज विवरणों में सुधार कर सकेंगे।
हालांकि श्रेणी या उपश्रेणी में परिवर्तन के मामले में बोर्ड ने सख्त व्यवस्था लागू की है। इसके लिए अभ्यर्थी को 15 अक्टूबर को धर्मशाला स्थित बोर्ड कार्यालय में व्यक्तिगत रूप से उपस्थित होना पड़ेगा। बोर्ड ने स्पष्ट किया है कि अंतिम तिथि के बाद किसी भी संशोधन के अनुरोध पर विचार नहीं किया जाएगा

चार दिन पहले जारी होगा एडमिट कार्ड, तकनीकी मदद के लिए हेल्पलाइन नंबर

डा. राजेश शर्मा ने बताया कि अभ्यर्थियों के एडमिट कार्ड परीक्षा से चार दिन पहले ऑनलाइन उपलब्ध करवा दिए जाएंगे। इससे परीक्षार्थी समय रहते अपना प्रवेश पत्र डाउनलोड कर परीक्षा की तैयारियां पूरी कर सकेंगे। आवेदन के दौरान तकनीकी समस्या आने पर अभ्यर्थी शिक्षा बोर्ड की हेल्पलाइन 01892-242192 पर संपर्क कर सकते हैं। बोर्ड की ओर से अभ्यर्थियों को आवेदन प्रक्रिया और परीक्षा से जुड़ी जानकारियों पर नजर रखने की सलाह दी गई है।

तीन तारीखों में होंगी पात्रता परीक्षाएं, 22 नवंबर से होगा आगाज

पात्रता परीक्षा को लेकर बोर्ड ने परीक्षा शेड्यूल जारी कर दिया है। परीक्षाएं 22 नवंबर से शुरू होकर 6 दिसंबर तक आयोजित की जाएंगी। अभ्यर्थियों को परीक्षा के लिए ढाई घंटे का समय मिलेगा। परीक्षा सुबह और शाम, दो सत्रों में होगी।

पहले दिन यानी 22 नवंबर को सुबह टीजीटी आर्ट्स और शाम को जेबीटी के अभ्यर्थी परीक्षा देंगे। इसके बाद 29 नवंबर को टीजीटी नॉन मेडिकल और स्पेशल एजुकेटर (कक्षा 6 से 12) की परीक्षा सुबह होगी। इसी दिन शाम को टीजीटी संस्कृत और स्पेशल एजुकेटर प्री-प्राइमरी से कक्षा पांच की परीक्षा होगी।

परीक्षा कार्यक्रम का अंतिम दिन 6 दिसंबर रहेगा। इस दिन सुबह टीजीटी मेडिकल, पंजाबी और उर्दू, जबकि शाम को टीजीटी हिंदी की परीक्षा आयोजित होगी।

Translate »
error: Content is protected !!