नागोया। टारगेट न्यूज नेटवर्क
(India shines after 28 years! Mirabai wins silver) एशियन गेम्स 2026 में भारत के लिए बुधवार का दिन मेडल के लिहाज से खास रहा। स्टार वेटलिफ्टर मीराबाई चानू ने महिलाओं की 49 किलोग्राम कैटेगरी में सिल्वर मेडल जीतकर एशियन गेम्स में भारत का 28 साल का वेटलिफ्टिंग इंतजार खत्म कर दिया। चानू ने कुल 198 किलोग्राम वजन उठाया। उन्होंने स्नैच में 87 किलोग्राम और क्लीन एंड जर्क में 111 किलोग्राम का भार उठाया।
1998 में कर्णम मल्लेश्वरी ने एशियन गेम्स में वेटलिफ्टिंग का सिल्वर मेडल जीता था। उसके बाद भारतीय वेटलिफ्टिंग को इस प्रतियोगिता में पदक का इंतजार था। मीराबाई का यह एशियन गेम्स में पहला पदक है। इससे पहले वह ओलिंपिक, वर्ल्ड चैंपियनशिप और कॉमनवेल्थ गेम्स में पदक जीत चुकी हैं।
मीराबाई से आगे रहीं नॉर्थ कोरिया की रि सॉन्ग गुम
49 किलोग्राम वर्ग में नॉर्थ कोरिया की रि सॉन्ग गुम ने 215 किलोग्राम के कुल वजन के साथ गोल्ड जीता। इंडोनेशिया की लुलुक डायना त्रि विजायना 191 किलोग्राम के साथ ब्रॉन्ज पर रहीं। मीराबाई 198 किलोग्राम के साथ दूसरे स्थान पर रहीं।
रोशिबिना देवी ने भी पक्का किया मेडल
वुशु में भारत की रोशिबिना देवी ने महिलाओं की 60 किलोग्राम सांडा कैटेगरी के सेमीफाइनल में जगह बनाकर कम से कम ब्रॉन्ज मेडल पक्का कर लिया है। उन्होंने क्वार्टरफाइनल में मकाऊ की चू मैन सिन को 5-0 से हराया था। अब उनकी नजर फाइनल में जगह बनाने पर है।
रोशिबिना का यह लगातार तीसरा एशियन गेम्स मेडल होगा। उन्होंने 2018 में ब्रॉन्ज और 2023 में सिल्वर मेडल जीता था। बुधवार को उनका सेमीफाइनल इंडोनेशिया की थानिया कुसुमनिंगत्यास के खिलाफ निर्धारित था।
शूटिंग में भी भारत के खाते में दो ब्रॉन्ज
भारत ने शूटिंग में भी दो ब्रॉन्ज मेडल अपने नाम किए। महिला स्कीट टीम में रायजा ढिल्लों, परिनाज धालीवाल और माहेश्वरी चौहान की टीम 331 अंक के साथ तीसरे स्थान पर रही।
पुरुष स्कीट टीम में अनंतजीत सिंह नारुका, मैराज अहमद खान और भवतेघ सिंह गिल ने कजाकिस्तान के साथ 346-346 अंक की बराबरी के बाद शूट-ऑफ में जीत हासिल कर ब्रॉन्ज मेडल जीता।
सॉफ्ट टेनिस में जय मीणा ने रचा इतिहास
सॉफ्ट टेनिस में जय मीणा ने भारत के लिए इस खेल का पहला एशियन गेम्स मेडल पक्का किया। उन्होंने क्वार्टरफाइनल मुकाबले में फिलीपींस के शेरविन नुगिट को 4-3 से हराकर सेमीफाइनल में जगह बनाई।
मनु भाकर का मेडल का सपना टूटा
दो बार की ओलिंपिक मेडलिस्ट मनु भाकर महिलाओं की 10 मीटर एयर पिस्टल के फाइनल में पांचवें स्थान पर रहीं। उन्होंने क्वालिफिकेशन में 579-20x का स्कोर किया था, लेकिन फाइनल में 181.1 अंक के साथ पदक से चूक गईं।
महिला टीम इवेंट में भी भारत बेहद करीब आकर मेडल से चूक गया। मनु भाकर, ईशा सिंह और सुरुचि सिंह की भारतीय टीम ने 1719-44x का स्कोर किया। वियतनाम का स्कोर भी 1719 था, लेकिन उसके 46 इनर-10 थे। इसी टाई-ब्रेकर के कारण वियतनाम को ब्रॉन्ज मिला और भारत चौथे स्थान पर रहा।
भारत की मेडल टैली 11 तक पहुंची
23 सितंबर को अब तक भारत के खाते में 1 गोल्ड, 5 सिल्वर और 5 ब्रॉन्ज समेत कुल 11 मेडल आ चुके हैं। मौजूदा अपडेट के अनुसार भारत पदक तालिका में 8वें स्थान पर है। भारत का एकमात्र गोल्ड महिला क्रिकेट टीम ने जीता है।



















