नंगल । राजवीर दीक्षित
लुधियाना में भारत रत्न बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा के साथ कथित आपत्तिजनक घटना को लेकर नंगल में भी विरोध देखने को मिला।
घटना के विरोध में सुरिंदर पाल, ब्लॉक चेयरमैन एससी सेल, कांग्रेस नंगल ने एसडीएम नंगल को ज्ञापन सौंपकर मामले की निष्पक्ष और जल्द जांच की मांग की।

सुरिंदर पाल ने कहा कि बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर देश के संविधान निर्माता और करोड़ों लोगों के प्रेरणास्रोत हैं। उनकी प्रतिमा के साथ किसी भी तरह की आपत्तिजनक हरकत बेहद निंदनीय है। उन्होंने प्रशासन से मांग की कि मामले की गंभीरता से जांच कर वास्तविक दोषियों की पहचान की जाए और उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए।
उन्होंने कहा कि ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए प्रशासन को आवश्यक कदम उठाने चाहिए। साथ ही, समाज में भाईचारा, शांति और सौहार्द बनाए रखना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।
इस दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं सहित समाज के अन्य लोग भी मौजूद रहे।



















