Home Khas Khaber सजा काट रहे पूर्व MP के फोन में अश्लील वीडियो, फोरेंसिक जांच...

सजा काट रहे पूर्व MP के फोन में अश्लील वीडियो, फोरेंसिक जांच में खुलासा

बेंगलुरु। टारगेट न्यूज नेटवर्क 

(Obscene video found on former MP’s phone; forensic probe reveals details) रेप केस में उम्रकैद की सजा काट रहे पूर्व सांसद प्रज्वल रेवन्ना एक बार फिर विवादों में हैं। बेंगलुरु की परप्पना अग्रहारा सेंट्रल जेल में उनके इस्तेमाल से जुड़े मोबाइल फोन की जांच में कई अश्लील वीडियो मिलने की बात सामने आई है। पुलिस सूत्रों के मुताबिक, डिवाइस को फोरेंसिक जांच के लिए भेजा गया था, जहां यह सामग्री सामने आई।

11 अगस्त को जेल में मिला था मोबाइल

सेंट्रल क्राइम ब्रांच ने 11 अगस्त को जेल में छापेमारी की थी। इस दौरान एक मोबाइल फोन, सिम कार्ड, चार्जर और नोटबुक बरामद की गई थी। फोन में WhatsApp, Facebook, Instagram, Netflix और Prime Video जैसे ऐप भी मिले थे। बाद में डिवाइस को फोरेंसिक जांच के लिए भेजा गया।

जेल में मोबाइल पहुंचाने का नेटवर्क सामने आया

जांच आगे बढ़ने पर जेल के अंदर मोबाइल पहुंचाने वाले नेटवर्क का भी खुलासा हुआ। पुलिस ने अलग-अलग मामलों में 9 लोगों को गिरफ्तार किया है, जिनमें जेल के तीन कर्मचारी और कई कैदी शामिल हैं। पुलिस के अनुसार, पिछले करीब एक साल में जेल के अंदर लगभग 20 मोबाइल पहुंचाए जाने की जांच की जा रही है।

प्रज्वल को फोन देने के मामले में भी कार्रवाई

पुलिस का आरोप है कि प्रज्वल तक मोबाइल और सिम पहुंचाने में जेल कर्मचारियों समेत कई लोगों की भूमिका रही। जांच में फोन की सप्लाई और इस्तेमाल से जुड़े लोगों को गिरफ्तार किया गया है। प्रज्वल और उनके जेल साथी से भी इस मामले में पूछताछ की जा चुकी है।

रेप केस में उम्रकैद की सजा

प्रज्वल रेवन्ना पूर्व प्रधानमंत्री एचडी देवगौड़ा के पोते और पूर्व सांसद हैं। 2024 में उनके खिलाफ यौन शोषण के आरोप सामने आए थे। बाद में एक रेप मामले में उन्हें दोषी ठहराते हुए उम्रकैद की सजा सुनाई गई। उनके खिलाफ अन्य कानूनी मामले और अपीलें भी चल रही हैं।

जेल सुरक्षा पर उठे सवाल

जेल के अंदर प्रतिबंधित मोबाइल फोन पहुंचने और उसके इस्तेमाल का मामला सामने आने के बाद सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े हुए हैं। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि फोन जेल के अंदर कैसे पहुंचा और इसमें कौन-कौन लोग शामिल थे।

Translate »
error: Content is protected !!