चंडीगढ़। राजवीर दीक्षित
(“Golden opportunity to get a job in the Railway; 10th pass candidates can apply”) भारतीय रेलवे में नौकरी का सपना देख रहे युवाओं के लिए बड़ी खुशखबरी सामने आई है। Railway Recruitment Board (RRB) ने असिस्टेंट लोको पायलट (ALP) के 11,127 पदों पर भर्ती के लिए नोटिफिकेशन जारी कर दिया है। इस भर्ती प्रक्रिया के तहत देशभर के योग्य उम्मीदवार 15 मई 2026 से ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे। रेलवे की यह भर्ती खासतौर पर उन युवाओं के लिए सुनहरा मौका मानी जा रही है, जिन्होंने 10वीं के साथ आईटीआई, डिप्लोमा या इंजीनियरिंग की पढ़ाई की है।
भर्ती अभियान के तहत असिस्टेंट लोको पायलट के कुल 11,127 पद भरे जाएंगे। इच्छुक उम्मीदवार 14 जून 2026 तक आवेदन कर सकते हैं। रेलवे भर्ती बोर्ड की ओर से जारी जानकारी के मुताबिक उम्मीदवार के पास किसी मान्यता प्राप्त बोर्ड से 10वीं पास होने के साथ आईटीआई सर्टिफिकेट होना जरूरी है। इसके अलावा इंजीनियरिंग में डिप्लोमा या डिग्री रखने वाले उम्मीदवार भी आवेदन करने के पात्र होंगे।
उम्मीदवारों की न्यूनतम आयु 18 वर्ष और अधिकतम आयु 30 वर्ष तय की गई है। वहीं आरक्षित वर्ग के उम्मीदवारों को सरकारी नियमों के अनुसार आयु सीमा में छूट भी दी जाएगी। ओबीसी वर्ग को 3 साल और एससी/एसटी वर्ग को 5 साल की छूट मिलेगी।
रेलवे में सरकारी नौकरी पाने की तैयारी कर रहे उम्मीदवारों के लिए यह शानदार अवसर माना जा रहा है। चयनित उम्मीदवारों को आकर्षक वेतन और अन्य सरकारी सुविधाएं भी मिलेंगी। आवेदन प्रक्रिया पूरी तरह ऑनलाइन होगी और उम्मीदवार रेलवे भर्ती बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर फॉर्म भर सकेंगे। ऐसे में इच्छुक अभ्यर्थियों को सलाह दी गई है कि वे अंतिम तारीख का इंतजार किए बिना जल्द आवेदन करें।



















