Home Chandigarh आज़ादी दिवस से पहले 4 स्कूलों को बम की धमकी, पुलिस ने...

आज़ादी दिवस से पहले 4 स्कूलों को बम की धमकी, पुलिस ने बढ़ाई सुरक्षा

चंडीगढ़। राजवीर दीक्षित

(“Chandigarh School Bomb Threat “) चंडीगढ़ में आज़ादी दिवस से पहले मंगलवार सुबह उस वक्त हड़कंप मच गया, जब शहर के चार स्कूलों को बम की धमकी मिलने की सूचना सामने आई। धमकी की जानकारी मिलते ही पुलिस कंट्रोल रूम को सूचित किया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस की टीमें तुरंत मौके पर पहुंचीं और स्कूल परिसरों की जांच शुरू कर दी।

जिन चार स्कूलों को धमकी मिलने की सूचना है, उनमें कैमल कॉन्वेंट स्कूल, सेक्टर-9, सेंट जॉन्स हाई स्कूल, सेक्टर-26, सेक्रेड हार्ट सीनियर सेकेंडरी स्कूल, सेक्टर-26 और सेंट स्टीफन्स स्कूल, सेक्टर-45 शामिल हैं। पुलिस ने स्कूलों के साथ-साथ आसपास के इलाकों में भी सुरक्षा बढ़ा दी है।

धमकी के बाद पुलिस और संबंधित सुरक्षा टीमों ने स्कूल परिसरों की तलाशी ली। हालांकि, अब तक किसी वास्तविक बम, विस्फोटक या संदिग्ध वस्तु के मिलने की पुष्टि नहीं हुई है।

पुलिस अब धमकी के स्रोत का पता लगाने में जुटी है। धमकी किस नंबर से आई और उसमें किस तरह की बात कही गई, इसकी जांच की जा रही है। पुलिस तकनीकी पहलू से भी मामले की पड़ताल कर रही है।

गौरतलब है कि 15 अगस्त यानी स्वतंत्रता दिवस को देखते हुए चंडीगढ़ में पहले से ही सुरक्षा व्यवस्था कड़ी है। ऐसे में एक साथ चार स्कूलों को धमकी मिलने के बाद पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट मोड पर हैं।

फिलहाल पुलिस की जांच जारी है और किसी भी निष्कर्ष पर पहुंचने से पहले सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। छात्रों, अभिभावकों और स्कूल स्टाफ की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए पुलिस ने सतर्कता बढ़ा दी है।

Translate »
error: Content is protected !!