सोनीपत। राजवीर दीक्षित
(Youth dies after phone theft at Haryana hospital) सिविल अस्पताल में शुक्रवार को एक युवक महिला मरीज का मोबाइल फोन लेकर भागने लगा। महिला के शोर मचाने पर अस्पताल स्टाफ ने उसका पीछा किया। पकड़े जाने के डर से युवक ने अस्पताल की तीसरी मंजिल से छलांग लगा दी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
मरीज के पास आकर लेटा था युवक
मेडिकल वार्ड में भर्ती महिला मरीज प्रीति के मुताबिक, वह शुक्रवार को ही अस्पताल में भर्ती हुई थी। दोपहर करीब डेढ़ बजे एक युवक वार्ड में घूम रहा था। उसे लगा कि युवक किसी मरीज के साथ आया है। कुछ देर बाद वह उसके पास वाले खाली बेड पर आकर लेट गया।
नींद लगते ही फोन लेकर भागा
प्रीति ने बताया कि दर्द के कारण उसकी आंख लग गई। इसी दौरान युवक ने उसके बेड से मोबाइल उठाया और भागने लगा। चादर हिलने पर उसकी आंख खुली तो उसने शोर मचाकर स्टाफ को इसकी जानकारी दी। स्टाफ ने युवक का पीछा किया, जिसके बाद उसने तीसरी मंजिल से छलांग लगा दी।
युवक की पहचान नहीं हुई
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। मृतक की उम्र करीब 30 से 35 साल बताई जा रही है, लेकिन अभी उसकी पहचान नहीं हो सकी है। शव को अस्पताल की मॉर्च्युरी में रखवाया गया है और पुलिस मामले की जांच कर रही है।
अस्पताल की सुरक्षा पर भी फोकस
सिविल अस्पताल की CMO डॉ. अलंकृता गेरा ने बताया कि सभी वार्डों के बाहर लोहे के गेट लगवाए गए हैं। अस्पताल में सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत किया जाएगा। मेडिकल वार्ड में आने वाले लोगों पर गार्ड नजर रखेंगे और संदिग्ध लोगों से पूछताछ की जाएगी।



















