ऊना। राजवीर दीक्षित
मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू के नेतृत्व में नशे के विरुद्ध चलाए जा रहे जन-जागरूकता अभियान के तहत ‘एंटी-चिट्टा वॉकथॉन’ का आयोजन 16 सितंबर को ऊना में किया जाएगा। उपायुक्त जतिन लाल ने सोमवार को अपने कार्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता में वॉकाथॉन से संबंधित व्यवस्थाओं की जानकारी दी। इस अवसर पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अजय राणा भी उपस्थित रहे।
उपायुक्त ने बताया कि कार्यक्रम में मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू, उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री सहित विधायक एवं अन्य गणमान्य व्यक्ति शामिल होंगे। मुख्यमंत्री युवाओं से संवाद करेंगे, उनके साथ वॉकाथॉन में चलेंगे और नशे के खिलाफ जागरूकता का संदेश देंगे। इस दौरान वह प्रतिभागियों को नशे के विरुद्ध तथा पर्यावरण संरक्षण की शपथ भी दिलाएंगे।
कार्यक्रम 16 सितंबर को इंदिरा गांधी खेल मैदान में प्रातः 8 बजे शुरू होगा। सुप्रसिद्ध पुलिस बैंड ‘हार्मनी ऑफ दी पाइन्स’ की प्रस्तुति के साथ कार्यक्रम का आगाज होगा। करीब दो घंटे के सांस्कृतिक आयोजन के बाद वॉकाथॉन इंदिरा गांधी खेल मैदान से आईएसबीटी ऊना तक जाएगी और वहां से वापस इंदिरा गांधी खेल मैदान में संपन्न होगी। मुख्यमंत्री प्रातः 10 बजे वॉकाथॉन को हरी झंडी दिखाएंगे।
वॉकाथॉन में 9वीं से 12वीं कक्षा के विद्यार्थियों, आईटीआई एवं कॉलेज विद्यार्थियों सहित बड़ी संख्या में युवा भाग लेंगे। इसके अलावा सामाजिक एवं स्वयंसेवी संगठनों तथा आमजन की भी व्यापक भागीदारी रहेगी। उपायुक्त ने कहा कि नशे के खिलाफ इस जन-जागरूकता अभियान को जन आंदोलन का रूप देने में युवाओं की सक्रिय भागीदारी महत्वपूर्ण है।
उपायुक्त ने शैक्षणिक संस्थानों से आग्रह किया कि विद्यार्थी अपने संस्थानों के बैनर के साथ वॉकाथॉन में शामिल हों। उन्होंने ऐसे तख्ते अथवा लकड़ी के बैनर न लाने की अपील की, जिनसे किसी प्रतिभागी को चोट लगने की आशंका हो। विभिन्न स्थानों से आने वाली बसों पर भी एंटी-चिट्टा जागरूकता संबंधी बैनर लगाने का आग्रह किया गया है।
उपायुक्त ने जिलावासियों से अधिक से अधिक संख्या में वॉकाथॉन में शामिल होने की अपील की। उन्होंने कहा कि नशे के खिलाफ इस जंग में प्रत्येक व्यक्ति की भागीदारी जरूरी है। उन्होंने जिलावासियों से आह्वान किया कि वे 16 सितंबर को ऊना में आयोजित होने वाले इस जन-जागरूकता अभियान का हिस्सा बनें और नशे के खिलाफ सामूहिक संकल्प को मजबूत करने में भागीदार बनें।
रामपुर पुल का नींव पत्थर, बीडीओ कार्यालय ऊना का उद्घाटन
मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू एंटी चिट्टा एवं पर्यावरण संरक्षण जागरूकता वॉकाथॉन के बाद, 11.35 बजे रामपुर पुल का नींव पत्थर रखेंगे। साथ ही, बीडीओ कार्यालय ऊना का उद्घाटन भी करेंगे।
16 को ऊना में रहेगी विशेष यातायात व्यवस्था
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अजय राणा ने बताया कि वॉकाथॉन के दौरान जिला मुख्यालय में यातायात को सुचारू बनाए रखने और आम लोगों को असुविधा से बचाने के लिए 16 सितंबर को सुबह 8 बजे से विशेष यातायात व्यवस्था लागू रहेगी। यह व्यवस्था वॉकाथॉन में शामिल विद्यार्थियों एवं अन्य प्रतिभागियों के सुरक्षित रूप से रवाना होने तक जारी रहेगी। उन्होंने वाहन चालकों से इस अवधि में निर्धारित वैकल्पिक मार्गों का इस्तेमाल करने और अनावश्यक रूप से ऊना शहर की ओर वाहन न लाने का आग्रह किया।
हमीरपुर-ऊना-चंडीगढ़ मार्ग : हमीरपुर से चंडीगढ़ वाया ऊना जाने वाले वाहन, जहां तक संभव हो, इस अवधि में ऊना की ओर न आकर भोटा-घुमारवीं-कीरतपुर फोरलेन मार्ग का इस्तेमाल करें। बंगाणा से चंडीगढ़ की ओर जाने वाले वाहन थानाकलां-बीहड़ू-पीरनिगाह-बसोली-चताड़ा-रायपुर मैदान होते हुए भाखड़ा-नंगल रोड़ का इस्तेमाल कर सकेंगे। इसी प्रकार चंडीगढ़ से बंगाणा अथवा हमीरपुर की ओर आने वाले वाहन बहडाला अथवा बीहड़ू मार्ग का इस्तेमाल करते हुए थानाकलां की ओर को निकलेंगे।
हमीरपुर-अम्ब मार्ग : हमीरपुर से अम्ब अथवा अम्ब से हमीरपुर की ओर जाने वाले वाहन बडूही से वाया जोल-खुरवाई मार्ग का इस्तेमाल करेंगे।
कांगड़ा-अम्ब-ऊना-चंडीगढ़ मार्ग : कांगड़ा से वाया अम्ब होकर चंडीगढ़ जाने वाले वाहन झलेड़ा से घालूवाल, हरोली, टाहलीवाल, संतोषगढ़ होते हुए अजौली मोड़ मार्ग का इस्तेमाल करेंगे। चंडीगढ़ से कांगड़ा तथा चंडीगढ़ से अम्ब की ओर आने वाले वाहन भी इसी वैकल्पिक मार्ग का इस्तेमाल कर सकेंगे।
बद्दी-ऊना मार्ग : बद्दी से ऊना की ओर आने वाले वाहन मैहतपुर- बहडाला-जनकौर-रामपुर मार्ग का इस्तेमाल करेंगे। इस मार्ग पर एकतरफा यातायात व्यवस्था रहेगी। ऊना से बद्दी की ओर जाने वाले वाहन रामपुर-जनकौर-नंगड़ा-संतोषगढ़-अजौली मोड़ मार्ग का इस्तेमाल कर सकेंगे।
16 सितंबर के दिन अलग अलग दिशाओं से ऊना आने वाली सामान्य बस रूट सेवाओं के लिए 4 अस्थाई बस स्टैंड निर्धारित किए गए हैं। इनमें मैहतपुर की ओर से आने वालों के लिए बहडाला, हरोली की दिशा से आने वालों के लिए रामपुर हरोली पुल के समीप, अम्ब की ओर से आने वालों केलिए झलेड़ा और बंगाणा की ओर से आने वालों के लिए ओल्ड बस स्टैंड पर बस स्टॉपेज रहेगा। इन स्थानों से ऊना मुख्यालय आने के लिए एचआरटीसी की शटल बस की सुविधा रहेगी।
छोटे वाहनों से आने वाले प्रतिभागियों के लिए पुराना बस अड्डा ऊना और गलुआ मार्ग एवं मैदान में पार्किंग की व्यवस्था की गई है।
इसके अतिरिक्त डीसी चौक ऊना से रक्कड़ तक का मार्ग सुबह 8 बजे से सभी विद्यार्थियों एवं प्रतिभागियों के सुरक्षित रूप से रवाना होने तक नो-ट्रैफिक जोन रहेगा। इस दौरान रामपुर-डीसी चौक-झलेड़ा मार्ग पर वन-वे यातायात व्यवस्था रहेगी, जिसमें वाहन केवल झलेड़ा की ओर जा सकेंगे।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ने बताया कि आपातकालीन एवं आवश्यक सेवा वाहनों के आवागमन पर कोई प्रतिबंध नहीं रहेगा।
ड्रोन से निगरानी, कानून-व्यवस्था के पुख्ता इंतजाम
अजय राणा ने बताया कि वॉकाथॉन के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने और प्रतिभागियों की सुरक्षा के लिए पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया जाएगा। आयोजन स्थल एवं वॉकाथॉन मार्ग पर ड्रोन के माध्यम से भी निगरानी रखी जाएगी। यातायात प्रबंधन, सुरक्षा एवं आपात स्थिति से निपटने के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं।
पेयजल, शौचालय एवं स्वास्थ्य सुविधाओं की समुचित व्यवस्था
प्रतिभागियों की सुविधा के लिए छह पेयजल स्थल बनाए जाएंगे। इसके अलावा मोबाइल टॉयलेट यूनिट्स स्थापित किए गए हैं तथा शौचालयों की समुचित व्यवस्था की गई है। स्वास्थ्य सुविधाओं के लिए तीन एंबुलेंस तैनात रहेंगी। इसके अलावा स्वास्थ्य विभाग की तीन टीमें भी तैनात रहेंगी। प्रतिभागियों को आने और वापसी के दौरान रिफ्रेशमेंट उपलब्ध करवाया जाएगा।



















