चंडीगढ़। राजवीर दीक्षित
(“Gangwar Murder”) हरियाणा के Jhajjar जिले में गैंगवार की एक सनसनीखेज वारदात ने पूरे इलाके में दहशत फैला दी। गांव सुबाना निवासी हितेश उर्फ गुल्लू की बदमाशों ने दिनदहाड़े गोलियों से भूनकर हत्या कर दी। बताया जा रहा है कि हमलावर बोलेरो गाड़ी में सवार होकर आए थे और युवक को घर के बाहर घेरते ही ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। इस हमले में करीब 20 से 25 राउंड गोलियां चलाई गईं, जिससे युवक का पूरा शरीर छलनी हो गया और उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
जानकारी के मुताबिक, हितेश घर के बाहर मोबाइल पर बात कर रहा था। इसी दौरान एक बोलेरो गाड़ी वहां आकर रुकी। गाड़ी से उतरे 3 से 4 बदमाशों ने बिना कुछ बोले फायरिंग शुरू कर दी। गोलियों की आवाज सुनते ही आसपास के लोग मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक हमलावर हथियार लहराते हुए फरार हो चुके थे। घटना के बाद पूरे गांव में भय और तनाव का माहौल बन गया।
सूचना मिलते ही पुलिस की कई टीमें मौके पर पहुंचीं और जांच शुरू कर दी। शव को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने युवक को मृत घोषित कर दिया। शुरुआती जांच में मामला पुरानी रंजिश और गैंगवार से जुड़ा माना जा रहा है। पुलिस के अनुसार, एक आरोपी की पहचान डीकेश कुमार निवासी गिरधरपुर के रूप में हुई है, जिसकी तलाश में लगातार दबिश दी जा रही है।
डीएसपी ने बताया कि मृतक और आरोपी पक्ष के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था। कुछ दिन पहले आरोपी पक्ष पर भी फायरिंग हुई थी। पुलिस अब दोनों गैंगों के संबंधों और पुरानी दुश्मनी की जांच कर रही है। इस वारदात के बाद इलाके में सुरक्षा बढ़ा दी गई है और जल्द आरोपियों की गिरफ्तारी का दावा किया जा रहा है।



















