शिमला । राजवीर दीक्षित
(Rain Fury in Himachal Pradesh! Losses Cross ₹910 Crore, 2,026 Roads Closed) हिमाचल प्रदेश में जारी मानसून की भारी बारिश ने तबाही मचा रखी है। लगातार हो रही मूसलाधार बारिश से राज्य को अब तक 910.34 करोड़ रुपये का नुकसान हो चुका है। राजस्व विभाग के अनुसार, इसमें सबसे बड़ा नुकसान लोक निर्माण विभाग यानी PWD को 686.36 करोड़ रुपये का हुआ है। जल शक्ति विभाग को 203.89 करोड़ और बिजली विभाग को 5.3 करोड़ रुपये का नुकसान बताया गया है।
बारिश और भूस्खलन के कारण राज्यभर में 2,026 सड़कें बंद हैं
इनमें कीरतपुर-मनाली नेशनल हाईवे और NH-154 भी शामिल हैं। इसके अलावा 45 ट्रांसफॉर्मर और 82 पेयजल योजनाएं प्रभावित हैं, जिससे कई इलाकों में लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। राज्य आपातकालीन संचालन केंद्र के अनुसार, मंडी में 82 सड़कें बंद हैं, जिनमें दो राष्ट्रीय राजमार्ग भी शामिल हैं। कुल्लू में 56, सिरमौर में 23, चंबा में 16, शिमला में 14, कांगड़ा में 5 और ऊना में 4 सड़कें प्रभावित हैं। सोलन, किन्नौर और लाहौल-स्पीति में भी दो-दो सड़कें बंद हैं। बिजली व्यवस्था की बात करें तो सिरमौर में 41 ट्रांसफॉर्मर, शिमला में 2 तथा चंबा और मंडी में एक-एक ट्रांसफॉर्मर अभी प्रभावित हैं। वहीं पेयजल योजनाओं में सिरमौर की करीब 31, शिमला की 25, हमीरपुर की 11, मंडी की 8, चंबा की 5 और बिलासपुर की 2 योजनाएं बाधित हैं। शिमला के संजौली इलाके में भूस्खलन के कारण करीब छह दोपहिया वाहन क्षतिग्रस्त होने की भी सूचना है।
17 अगस्त तक बारिश से राहत के आसार कम
मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश में 17 अगस्त तक बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है। कई क्षेत्रों के लिए ऑरेंज और येलो अलर्ट जारी किया गया है। 12 अगस्त को कांगड़ा, मंडी और चंबा में भारी बारिश को लेकर येलो अलर्ट है। अन्य हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है।बीते 24 घंटों में धर्मशाला में 74.1 मिमी, पालमपुर में 66.4 मिमी, कांगड़ा में 40.2 मिमी, भुंतर में 37.2 मिमी और मंडी में 21.8 मिमी बारिश दर्ज की गई। प्रदेश में अधिकतम तापमान ऊना में 30.2°C दर्ज किया गया, जबकि लाहौल-स्पीति के कुकुमसेरी में न्यूनतम तापमान 12.5°C रहा। मौसम विभाग ने अधिकतम तापमान में आने वाले दिनों में 2 से 5 डिग्री तक बढ़ोतरी की संभावना भी जताई है।



















