लुधियाना। राजवीर दीक्षित।
(Delivery boy robbed in Punjab, attacked with stone when he protested;) लुधियाना में डिलीवरी करने निकले युवक को बाइक सवार दो बदमाशों ने घेरकर लूट लिया। आरोप है कि युवक मोबाइल पर ग्राहक के घर की लोकेशन चेक कर रहा था, तभी पीछे से आए दोनों आरोपियों ने उसका मोबाइल और बाइक के बॉक्स में रखा पर्स छीन लिया। विरोध करने पर बदमाशों ने उसकी पीठ पर दातर से वार कर दिया और मौके से फरार हो गए।
लोकेशन चेक करते समय बदमाशों ने घेरा
पीड़ित की पहचान जुझार नगर निवासी सुरिंदर कुमार के रूप में हुई है। वह ब्लिंकिट में डिलीवरी ब्वॉय के तौर पर काम करता है। सुरिंदर के मुताबिक, 2 मई 2026 को वह मोटरसाइकिल से एक ऑर्डर की डिलीवरी देने जा रहा था। इसी दौरान प्रभु चौक, बसंत एवेन्यू के पास वह मोबाइल पर ग्राहक के घर की लोकेशन देख रहा था।
इसी दौरान पीछे से बाइक पर आए दो युवकों ने उसे घेर लिया। एक आरोपी ने बातचीत में उलझाया, जबकि दूसरे ने उसका मोबाइल छीन लिया। इसके बाद आरोपियों ने मोटरसाइकिल के बॉक्स में रखा पर्स भी निकाल लिया।
विरोध करने पर दातर से किया हमला
सुरिंदर ने जब लूट का विरोध किया तो आरोपियों ने कथित तौर पर उसकी पीठ पर दातर से हमला कर दिया। इसके बाद दोनों आरोपी बाइक पर सवार होकर वहां से फरार हो गए। पीड़ित के अनुसार, पर्स में करीब 10 हजार रुपये की नकदी थी।
कई चक्कर लगाने के बाद दर्ज हुआ केस
पीड़ित का आरोप है कि घटना के बाद उसने पुलिस से शिकायत की और कार्रवाई के लिए थाने के कई चक्कर लगाए। अब थाना सदर पुलिस ने उसकी शिकायत के आधार पर अज्ञात आरोपियों के खिलाफ धारा 303(2) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया है।
CCTV फुटेज से बदमाशों की तलाश
पुलिस ने आरोपियों की पहचान के लिए घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि वारदात में इस्तेमाल बाइक किसकी थी और दोनों आरोपियों की पहचान कैसे की जा सकती है। मामले की जांच जारी है।



















